Thursday, 28 September 2017

एक कॉल और हत्या की खबर, मौके पर पहुंची पुलिस को मिला मरा चूहा!


READ MORE
 यूपी के हाथरस में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. हाथरस जिले में एक युवक ने पुलिस से शिकायत में कहा कि किसी की हत्या के बाद शव उसके दरवाजे पर डाल दिया गया है. 

शिकायत के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. मगर, पुलिस ने जब शव देखा तो वो चौंक गई. दरअसल, शिकायतकर्ता के दरवाजे पर एक चूहा मरा हुआ पड़ा था.


कोतवाली प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया, ‘गुरुवार को शहर के एक व्यक्ति की कॉल आई कि किसी ने उसके दरवाजे के सामने हत्या कर शव को रख दिया है. इस सूचना पर जैसे ही पुलिस जैनपुरी मोहल्ले में राकेश भारद्वाज के यहां पहुंची तो पता चला कि दरवाजे पर एक चूहा मरा पड़ा है’. पुलिस ने चूहे को एक पॉलीथिन में उठाया और कोतवाली ले गई.


पुलिस ने जब इस संबंध में शिकायकर्ता राकेश भारद्वाज से पूछताछ की तो उसने बताया कि मोहल्ले के शरारती लोग उसे काफी परेशान करते हैं और यह चूहा भी उन्हीं लोगों ने उसके दरवाजे पर डाला. शिकायतकर्ता के मुताबिक, शरारती लोगों को सबक सिखाने के लिए पुलिस को ये सूचना देनी पड़ी.


पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘राकेश भारद्वाज कई दिनों से पुलिस को इसी तरह परेशान कर रहा है. शरारती लोग राकेश को परेशान कर रहे हैं तो वह पुलिस को ही परेशान करने लगा’.


फिलहाल पुलिस ने राकेश को हिदायत दी है कि अगर भविष्य में इस प्रकार की कोई सूचना देगा, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

No comments:

Post a Comment