Wednesday, 27 September 2017

गुजरात में BJP और RSS के कट्टर हिंदुत्व का मुकाबला करने मन्दिर पहुंचे राहुल


READ MORE

कांग्रेस के नरम हिंदुत्व को प्रदर्शित करने की कोशिश करते हुए राहुल गांधी ने चुनाव में उतरने जा रहे राज्य गुजरात की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के आखिर में आज चार मंदिरों में प्रार्थना की. उनकी पार्टी ने कहा कि इस कदम का लक्ष्य भाजपा और आरएसएस के कट्टर हिंदुत्व का मुकाबला करना है.हालांकि सत्तारुढ़ भाजपा ने यह कहते हुए राहुल गांधी पर प्रहार किया कि कांग्रेस उपाध्यक्ष इसलिए मंदिर में जा रहे हैं क्योंकि उनकी पार्टी लंबे समय से राज्य में चुनाव नहीं जीत पायी है.


सोमवार को द्वारिकाधीश मंदिर में प्रार्थना कर अपनी यात्रा शुरु करने वाले राहुल गांधी ने बुधवार को सुरेंद्रनगर जिले में प्रसिद्ध चोटिला मंदिर जाने के बाद अपना रोडशो फिर शुरू किया. बुधवार सुबह राजकोट से अपनी यात्रा शुरु करते हुए गांधी चोटिला पहुंचे और वह बिना रुके 15 मिनट में करीब 1000 सीढ़ियां चढ़कर मंदिर में पहुंच गये. प्रार्थना करने के उपरांत पुजारी ने उन्हें इस धर्मस्थल की महत्ता बतायी. वह फिर दर्शानार्थियों का अभिवादन करते हुए महज 15 मिनट में नीचे भी आ गये. शाम में राहुल गांधी कागवाड़ गांव में खोडियार माता की प्रार्थना करने के लिए खोडाल धाम मंदिर गये.


खोडियार माता को लेउवा पटेल बहुत श्रद्धा से देखते हैं. पटेलों का एक वर्ग सरकारी नौकरियों एवं शिक्षण संस्थानों में आरक्षण की उनकी मांग नहीं मानने पर राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ है. गांधी के पहुंचने पर बड़ी संख्या में पाटीदारों ने ‘जय सरदार, जय पाटीदार’ का नारा लगाकर उनका अभिवादन किया. कागवाड से जेतपुर जाने के रास्ते में वह दासी जीवन को समर्पित एक मंदिर में गये. दलित और बौद्धों में इस मंदिर का बहुत सम्मान है. वह राजकोट के वीरपुर में भी अचानक जलराम मंदिर पहुंच गये.राहुल के मंदिरों में जाने पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता मनीष दोषी ने कहा, ‘इस यात्रा के दौरान विभिन्न मंदिरों में राहुल गांधी का जाना भाजपा और आरएसएस के कट्टर हिंदुत्व का मुकाबला करना है. आरएसएस और भाजपा ने जानबूझकर कांग्रेस को हिंदू विरोधी के रुप में पेश किया है जो सही नहीं है.’


कांग्रेस के प्रवक्ता शक्ति सिंह गोहिल ने कहा, ‘धर्मनिरपेक्षता का हमारा विचार भाजपा से भिन्न है क्योंकि हम सभी धर्मों के उपासना स्थलों पर जाते हैं. यह कोई नयी बात नहीं है. हमारी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी भी ऐसा ही करती थीं.’


हालांकि भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजू ध्रूव ने कहा, ‘राहुल गांधी ने मंदिरों एवं धर्मस्थलों पर जाना शुरु किया है क्योंकि उनकी पार्टी किसी भी राज्य में चुनाव नहीं जीत रही है.’ कल राहुल गांधी राजकोट में विधायक इंद्रानी राज्यगुरु द्वारा आयोजित गरबा में गये थे. चोटिला से कागवाड़ जाने के दौरान राहुल गांधी ने कुछ स्थानों पर लोगों को संबोधित किया. उन्होंने वादा किया कि कांग्रेस चुनाव के बाद सत्ता संभालने के दस दिन के अंदर सभी कृषि ऋण माफ कर देगी.


पिछले दो दिनों में उन्होंने जीएसटी, नोटबंदी और कृषि नीतियों को लेकर भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कई बार हमला बोला. उन्होंने इस अहम राज्य चुनाव से पहले पटेलों को आकर्षित करने के लिए सरदार पटेल की विरासत का भी उल्लेख किया. उन्होंने गुजरात में कांग्रेस के पक्ष में तीव्र अंदरुनी लहर का दावा करते हुए कांग्रेस के विधानसभा चुनाव जीतने का विश्वास भी व्यक्त किया. इस साल बाद में गुजरात में विधानसभा चुनाव है.

No comments:

Post a Comment