READ MORE
11 दिसंबर को पांच राज्यों, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम के विधानसभा चुनावों के परिणाम आएंगे. इससे पहले सोमवार को सरकार ने सर्वदलीय बैठक आहूत की है. यह बैठक मंगलवार से शुरू होने वाले शीतकालीन सत्र के लिए है. इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अन्य दलों के नेता मौजूद होंगे. इसके साथ ही आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी के खिलाफ महागठबंधन के लिए सोमवार को विपक्षी दलों के नेता बैठक करेंगे.जानें देश और दुनिया की वे कौन सी खबरें हैं जो आपको जाननी चाहिए.
विजय माल्या के खिलाफ सुनवाई
सीबीआई के संयुक्त निदेशक एस साईं मनोहर के नेतृत्व में अधिकारियों की एक टीम भगोड़े शराब कारोबारी विजय माल्या के प्रत्यर्पण मामले में एक अहम सुनवाई में शामिल होने के लिए रविवार को लंदन रवाना हुई. सूत्रों ने यह जानकारी दी. सोमवार को लंदन की वेस्टमिंस्टर अदालत में माल्या फिर से पेश होगा . माल्या के प्रत्यर्पण के मुकदमे पर फैसला जल्द आ सकता है. ठप खड़ी किंगफिशर एयरलाइंस के प्रमुख रहे 62 वर्षीय माल्या पर करीब 9,000 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और धन शोधन का आरोप है. पिछले साल अप्रैल से प्रत्यर्पण वॉरंट के बाद से माल्या जमानत पर हैं.पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें
बीजेपी के खिलाफ महागठबंधन के लिए बैठक
आगामी लोकसभा चुनाव में बीजेपी के खिलाफ एक महागठबंधन पर चर्चा करने के वास्ते सोमवार को दिल्ली में विपक्षी नेताओं की बैठक होगी. यह बैठक मध्य प्रदेश,छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम विधानसभा चुनाव के परिणामों की घोषणा और संसद का शीतकालीन सत्र शुरू होने से एक दिन पहले होगी. तेदेपा प्रमुख और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चन्द्रबाबू नायडू बैठक कोआर्डिनेट कर रहे हैं. उन्होंने सभी गैर-भाजपा दलों के नेताओं को आमंत्रित किया है.
शीतकालीन सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक
संसद के शीतकालीन सत्र से पहले दोनों सदन में सुगम कामकाज के लिए सहमति बनाने के लिहाज से सरकार ने सोमवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है. संसदीय कार्य मंत्रालय द्वारा परंपरागत रूप से संसद सत्र की शुरूआत की पूर्वसंध्या पर होने वाली बैठक में सामान्य तौर पर प्रधानमंत्री सरकार का एजेंडा बताते हैं और सरकारी कामकाज के लिए विपक्ष का समर्थन मांगते हैं.
बुलंदशहर मामले में गिरफ्तारी
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पिछले दिनों हुई हिंसा में एक पुलिस इंस्पेक्टर की हत्या किए जाने के मामले में आरोपी सैनिक को गिरफ्तार करके 14 दिन के लिये हिरासत में भेज दिया गया. वहीं, बुलंदशहर के अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) रईस अख्तर को हटाकर लखनऊ पीएसी मुख्यालय भेज दिया है. उनके स्थान पर गाजियाबाद में पुलिस नियंत्रण कक्ष में तैनात रहे मनीष मिश्र को भेजा गया है.
जसलीन ने अनूप जलोटा से रिश्ते की बात की खारिज
बिग बॉस से निकलने के बाद जसलीन ने अपने और अनूप जलोटा के रिश्ते से पल्ला झाड़ लिया है. जसलीन ने कहा कि उन्होंने स्टेज पर एंट्री लेते हुए केवल मजाक किया था. लेकिन वह इतना भारी पड़ गया कि वह आखिर तक इसे क्लियर ही नहीं कर पाईं.
भारत में नेपाल के राजदूत होंगे नीलांबर
नेपाल की संसद ने रविवार को पूर्व विधि मंत्री नीलांबर आचार्य को भारत में देश का अगला राजदूत नियुक्त करने का अनुमोदन कर दिया. संविधान में यह प्रावधान है कि संवैधानिक परिषद की सिफारिश पर सरकार द्वारा मनोनीत किये जाने पर राजदूतों के नामों पर संसदीय सुनवाई समिति विचार करेगी.
भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट का पांचवा दिन
टीम इंडिया के गेंदबाजों रविचंद्रन अश्विन और मोहम्मद शमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को एडिलेड टेस्ट में बैकफुट पर धकेल दिया है. एडिलेड टेस्ट में चौथे दिन का खेल खत्म हो गया है, जहां 323 रन का लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 49 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 104 रन बना लिए हैं. वह जीत से 219 रन दूर है और एडिलेड का इतिहास देखते हुए उसकी हार तय मानी जा रही है.
ATM से निकलने लगे डबल पैसे
मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले में एक दिलचस्प वाकया सामने आया है जहां एटीएम से अचानक डबल पैसे निकलने लगे. जिस भी व्यक्ति ने इस एटीएम में 100 या 500 रुपए निकालने के लिए बटन दबाया, उसके डबल-ट्रिपल रुपए निकलने लगे. यह सूचना जैसे ही फैली लोग एटीएम से पैसे निकालने दौड़ पड़े.
ताजमहल देखने के लिए टिकट के दाम बढ़े
10 दिसंबर से ताजमहल का टिकट महंगा हो जाएगा. पहले ताजमहल देखने के लिए भारतीय लोगों को 50 रुपए देने होते थे और विदेशी नागरिकों को 1100 रुपए चुकाने होते थे. 10 दिसंबर से लागू नई व्यवस्था के अंतर्गत अब घरेलू पर्यटकों को 250 रुपए चुकाने पड़ेंगे, जबकि विदेशी नागरिकों को अब 1300 रुपए देने होंगे.
शहबाज शरीफ के घर को उप-जेल घोषित करने की मांग
पाकिस्तान की पंजाब प्रांत की सरकार ने केंद्र को पत्र लिखकर मांग की है कि पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज़ (पीएमएल-एन) के प्रमुख शहबाज शरीफ के इस्लामाबाद स्थित आवास को उप-जेल घोषित किया जाए.नैब ने पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के छोटे भाई शहबाज को पांच अक्टूबर को 1400 करोड़ रुपए के ‘आशियाना-ए-इकबाल‘ आवासीय परियोजना घोटाले में गिरफ्तार किया था.
Article source: http://feedproxy.google.com/~r/Khabar-Cricket/~3/EVorSKcnQJU/story01.htm
No comments:
Post a Comment