Wednesday, 28 February 2018

इंद्राणी मुखर्जी के बयान के चलते हुई कार्ति चिदंबरम की गिरफ्तारी


READ MORE

आईएनएक्स मीडिया मामले में सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किए गए कार्ति चिदंबरम को बुधवार को दिल्ली की एक अदालत में पेश किया गया. अदालत ने कार्ति को एक दिन की सीबीआई हिरासत में भेजा है. इस बीच कार्ति ने कहा है कि उनपर सभी आरोप उनके पिता पी चिदंबरम को निशाना बनाने के लिहाज से लगाए गए हैं. सीबीआई ने दावा किया कि दस लाख रुपये रिश्वत के कथित भुगतान की साजिश का पता लगाने के लिये कार्ति की पूछताछ हिरासत की जरूरत है. मामले में कार्ति चिदंबरम की गिरफ्तारी का कारण बने ताजा सबूत आईएनएक्स मीडिया की पूर्व निदेशक इंद्राणी मुखर्जी के बयान पर आधारित है, जिसे सीआरपीसी की धारा 164 के तहत दर्ज किया गया था.सीबीआई ने कार्ति से पूछताछ के लिये 15 दिन का रिमांड मांगा था लेकिन ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुमित आनंद ने एक दिन हिरासत की मंजूरी देते हुए स्पष्ट किया कि गुरुवार दोपहर 2.30 उन्‍हें संबंधित विशेष न्यायाधीश के समक्ष पेश किया जाएगा. जब संबंधित न्यायाधीश मौजूद नहीं होता है या फिर अदालत के नियमित घंटों के बाद आरोपी को पेश किया जाता है तो उसे ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष लाया जाता है. पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के 46 वर्षीय पुत्र कार्ति को मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट सुमित आनंद के समक्ष पेश किया गया.


सुनवाई के दौरान सीबीआई के वकील वीके शर्मा ने अदालत में कहा कि कार्ति ने जांच में सहयोग नहीं किया है और उसने बार-बार विदेश की यात्रा की जिसने इस ‘आशंका की पुष्टि’ की ‘वह देश छोड़कर भाग’ जाएगा. उन्होंने अदालत को बताया, ‘सीआरपीसी की धारा 164 के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष 17 फरवरी को इंद्राणी का बयान दर्ज किया गया था, जिसमें उसने मजिस्ट्रेट को बताया कि उसने और उसके पति पीटर ने यहां कार्ति से पांच सितारा होटल में मुलाकात की थी और उन्होंने 10 लाख रुपये की मांग की थी. बाद में पीटर ने विदेशी इकाइयों के माध्यम से आईएनएक्स मीडिया की ओर से पैसे का भुगतान किया था और इसकी जांच चल रही है. यह भुगतान एफआईपीबी मंजूरी में किए गए उल्लंघन को ठीक करने के लिए किया गया था.’


सीबीआई की दलीलों को विरोध करते हुए कार्ति की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि यह विचित्र मामला है और गिरफ्तारी का कोई आधार नहीं बनता है. इससे पहले दिन में कार्ति को सीबीआई के अधिकारियों ने चेन्नई हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया जो वहां उनके ब्रिटेन से लौटने का इंतजार कर रहे थे.सीबीआई ने पिछले साल 15 मई को आईएनएक्स मीडिया को विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड द्वारा दी गई मंजूरी में कथित गड़बड़ियों के चलते मामला दर्ज किया था. मामला कंपनी के 2007 में 305 करोड़ रुपये की विदेशी पूंजी हासिल करने से संबद्ध है. उस समय पी. चिदंबरम देश के वित्त मंत्री थे.


सीबीआई का आरोप है कि इस मामले में कार्ति ने 10 लाख रुपये की राशि प्राप्त की थी. इस संबंध में प्रवर्तन निदेशालय ने भी धन शोधन का मामला दर्ज किया है. वहीं, दूसरी ओर गिरफ्तारी मेमो पर हस्ताक्षर करते हुए कार्ति चिदंबरम ने कहा कि मुझ पर लगाए गए सभी आरोप मेरे पिता पी चिदंबरम को राजनीतिक रूप से निशाना बनाने के लिये लगाए गए हैं. उन्होंने कहा कि मेरे खिलाफ लगाए गए सभी आरोप राजनीति से प्रेरित हैं.


ये भी पढ़ें
INX मीडिया केस: बेटे की गिरफ्तारी से पहले चिदंबरम ने दायर की थी सुप्रीम कोर्ट में याचिका
लगातार छापों से परेशान चिदम्बरम पहुंचे SC, मौलिक अधिकारों की रक्षा की लगाई गुहार


Article source: http://feedproxy.google.com/~r/ndtvkhabar/~3/mU9Z0u8ScNI/story01.htm

No comments:

Post a Comment