READ MORE
रक्षा मंत्रालय ने चेन्नई से तमिलनाडु के चार अन्य शहरों से जोड़ने के लिए देश का पहला रक्षा औद्योगिक गलियारा बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है ताकि हथियार और सैन्य उपकरण बनाने वाले उद्योगों को बढ़ावा दिया जा सके. अधिकारियों ने बताया कि ‘क्वाड’ या चतुर्भज गलियारा चेन्नई, होसुर, कोयंबतूर, सलेम और तिरुचिरापल्ली को जोड़ेगा और मंत्रालय परियोजना की बारीकियों को अंतिम रूप देने में जुटा है.उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्रालय जल्द ही एक शीर्ष सलाहकार फर्म की सेवा लेगा ताकि ‘क्वाड’ के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा सके. केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने हाल में अपने बजट भाषण में घोषणा की थी कि घरेलू रक्षा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए देश में दो रक्षा औद्योगिक उत्पादन गलियारे बनाए जाएंगे.
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘ऐसी अपेक्षा है कि सरकार द्वारा रक्षा क्षेत्र में उद्योग के लिए नए अवसर खोलने के साथ ‘तमिलनाडु रक्षा क्वाड’ राज्य में ठोस विनिर्माण क्षेत्र को एक बड़ा अवसर मुहैया कराएगा.’बयान में कहा गया कि अगले दो हफ्ते में कोयंबतूर, सलेम, चेन्नई और तिरुचिरापल्ली में रक्षा विनिर्माताओं से बातचीत की जाएगी ताकि प्रस्तावित गलियारे पर उनकी राय ली जा सके.
अधिकारियों ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों – हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड – के साथ-साथ मंत्रालय के प्रतिनिधि भी इस बातचीत में हिस्सा लेंगे. पिछले हफ्ते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि दूसरा रक्षा औद्योगिक गलियारा बुंदेलखंड क्षेत्र में बनेगा. उन्होंने कहा कि इससे 20,000 करोड़ रुपए का निवेश आएगा. रक्षा औद्योगिक गलियारे बनाने का मकसद विभिन्न रक्षा औद्योगिक इकाइयों के बीच संपर्क सुनिश्चित करना है.
Article source: http://feedproxy.google.com/~r/ndtvkhabar/~3/Y7FVpxWK2_o/story01.htm
No comments:
Post a Comment