Monday, 5 February 2018

फिदायीन के शक में पकड़ी गई सादिया बोली जम्मू कश्मीर पुलिस ने मुझे कभी गिरफ्तार नहीं किया


READ MORE

श्रीनगर में गणतंत्र दिवस से ठीक पहले सुसाइड बॉम्बर की आशंका में हिरासत में ली गई युवती ने कहा है कि उसे कभी भी गिरफ्तार नहीं किया गया. सादिया अनवर शेख नाम की युवती ने कहा कि वह नर्सिंग पाठ्यक्रम में दाखिला लेने के लिए घाटी गई थी.25 जनवरी को हिरासत में ली गई पुणे की एक महिला ने दावा किया कि उसे ‘‘कभी भी पकड़ा या गिरफ्तार’’ नहीं किया गया था बल्कि वह खुद पुलिस के पास गई थी.


अपने परिवार के सदस्यों के साथ एक संवाददाता सम्मेलन में सादिया अनवर शेख ने कहा कि वह जम्मू कश्मीर में नर्सिग पाठ्यक्रम में दाखिला लेने के लिए घाटी गई थी.


जम्मू कश्मीर के डीजीपी एस पी वैद्य ने समाचार एजेंसी भाषा से कहा था कि राज्य पुलिस ने शेख को उसके परिवार के हवाले कर दिया है.पुलिस ने दावा किया था कि शेख (18) आईएसआईएस में शामिल होना चाहती है. जम्मू कश्मीर पुलिस ने 25 जनवरी को दक्षिण कश्मीर से शेख को हिरासत में लिया था. उससे गहन पूछताछ के दौरान पुलिस को कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला.


शेख ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं राज्य में एक नर्सिंग कोर्स में दाखिला लेने के लिए घाटी गई थी और मैं दक्षिण कश्मीर में एक मित्र के घर पर ठहरी थी.’’


शेख ने कहा कि कुछ समाचार पत्रों द्वारा उसे ‘‘आत्मघाती हमलावर’’ के रूप में बताए जाने के बाद वह हैरान थी और इसके बाद उसने खुद ही पुलिस के पास जाने का निर्णय लिया था.


शेख ने कहा कि उससे पुलिस के साथ साथ विभिन्न एजेंसियों ने पूछताछ की.


उन्होंने कहा, ‘‘मैंने सभी सवालों के जवाब दिए और अंत में उन्हें मेरे खिलाफ कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला और उन्होंने मुझे रिहा कर दिया.’’


किशोरी के ‘कट्टरवाद’ के रास्ते पर जाने के बारे में पता चलने पर वर्ष 2015 में महाराष्ट्र एटीएस की पुणे इकाई ने शेख से पूछताछ की थी.


एटीएस का दावा था कि शेख सीरिया की यात्रा करने की योजना बना रही थी.



जब शेख से वर्ष 2015 की घटना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह वास्तव में सोशल मीडिया के जरिये आईएसआईएस विचारधारा से प्रभावित हो गई थी.


उन्होंने कहा, ‘‘मैं आईएसआईएस विचाराधारा से प्रभावित हो गई थी. मैं कुछ समूहों और लोगों के आनलाइन संपर्क में थी. इसी आधार पर एटीएस ने मुझसे पूछताछ की थी और कट्टरवाद से मुक्ति के लिए सत्र का आयोजन किया गया था.


शेख ने कहा कि कट्टरवाद से मुक्ति पाकर वह अपने जीवन में लौट आई है.


 


Article source: http://feedproxy.google.com/~r/ndtvkhabar/~3/s0PiqoErtIo/story01.htm

No comments:

Post a Comment