READ MORE
रोजगार, सुरक्षा, कूटनीति सहित तमाम मोर्चों पर केंद्र सरकार के विफल रहने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने कहा कि उसे नया इंडिया नहीं चाहिए और वह चाहती है कि पुराना भारत ही लौटा दिया जाए जहां सामाजिक और सांप्रदायिक सद्भाव हो. राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि इस सरकार ने समाज को विभिन्न हिस्सों में बांट दिया है. सरकार ने पहले विपक्ष की पार्टियों को बांट दिया और फिर शिया और सुन्नी में बांट दिया गया तथा अब परिवारों को बांटने की कोशिश कर रही है.सरकार के ‘‘न्यू इंडिया’’ नारे पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि इस नए भारत के बदले हमें पुराना भारत ही लौटा दिया जाए. हमें महात्मा गांधी का भारत चाहिए जहां हिंदू और मुस्लिम एक दूसरे के लिए खून दें और जहां लोगों में डर तथा खौफ नहीं हो.
उन्होंने कहा कि नेताओं को फोन टैपिंग का भी भय है. उन्होंने छोटी छोटी बच्चियों के साथ दुष्कर्म की कई घटनाओं का भी जिक्र किया और कहा कि सरकार ने इसे रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है.
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर राज्यसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा में भाग लेते हुए आजाद ने सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि यह सरकार ‘‘गेम चेंजर नहीं बल्कि नेम चेंजर’’ है. उन्होंने कहा कि यह सरकार रिपैकेजिंग करने में माहिर है और पुरानी योजनाओं का ही नाम बदल कर उन्हें अपनी नई योजनाएं बता रही है.आजाद ने इस क्रम में कांग्रेस तथा यूपीए सरकारों द्वारा शुरू की गई योजनाओं का जिक्र किया और कहा कि इस सरकार ने उनका नाम बदल दिया. उन्होंने कहा कि जन धन योजना इस सरकार की महत्वाकांक्षी योजना रही है और उसका कहना है कि इस योजना के तहत 31 करोड़ खाते खोले गए. उन्होंने कहा कि वास्तविकता यह है कि 24 करोड़ से ज्यादा खाते यूपीए कार्यकाल में ही खोले गए थे और इस सरकार के समय सिर्फ करीब सात करोड़ खाते ही खुले.
कश्मीर मुद्दे का जिक्र करते हुए आजाद ने कहा कि इस मुद्दे पर पूरा देश, सभी पार्टियां आपके साथ है. उन्होंने कहा कि 2014 के आम चुनाव के पहले बीजेपी तत्कालीन यूपीए सरकार पर कमजोर सरकार होने का आरोप लगाती थी, लेकिन जम्मू कश्मीर में सीमाओं पर जो स्थिति है, उससे लगता है कि यह पिछले 70 साल की सबसे कमजोर सरकार है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान द्वारा बार-बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया जा रहा है और बडी संख्या में हमारे जवान तथा आम नागरिक मर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि इस सरकार की बुनियाद जिसके आधार पर बनी, उनमें 2-जी मुद्दे की अहम भूमिका थी और सैंकड़ों सभाओं में तत्कालीन यूपीए सरकार को काफी भ्रष्ट बताया गया. लेकिन अब सीबीआई अदालत ने उसी 2-जी मामले में सभी आरोपियों को बरी कर दिया है. उन्होंने कहा कि बोफोर्स भी ऐसा ही मामला था जिसमें कांग्रेस के खिलाफ तत्कालीन सभी विपक्ष एक हो गया था. उन्होंने इस क्रम में पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत वी पी सिंह का भी नाम लिया और कहा कि वह हर सभा में एक कागज निकाल कर दिखाते थे. लेकिन बोफोर्स मुद्दे पर विपक्ष की कई सरकारें बन गई लेकिन वह कागज जेब से बाहर नहीं निकल सका. अब सुप्रीम कोर्ट में कहा गया है कि इस मामले में कोई सबूत नहीं है.
तीन तलाक के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि हम इसका समर्थन करते हैं लेकिन इसे अपराध घोषित करने के खिलाफ हैं. इसे अपराध घोषित कर देने के कारण पति को जब जेल हो जाएगी तो उसके परिवार की देखभाल कौन करेगा.
हर गरीब के खाते में 15 लाख रूपए और हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने के बीजेपी के वायदों का जिक्र करते हुए आजाद ने कहा कि अब 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने की बात की जा रही है. उन्होंने इसे किसानों के लिए एक और लॉलीपॉप कहा कि बजट में एक साल की बात होती थी लेकिन इसमें चार साल की बात की जा रही है ताकि चुनाव से पहले सवालों का जवाब नहीं देना पड़े.
शौचालयों का जिक्र करते हुए उन्होंने संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट का जिक्र किया और कहा कि बड़ी संख्या में शौचालय चालू नहीं है और पानी की कमी जैसी कई समस्याओं की ओर ध्यान ही नहीं दिया गया. बजट में प्रस्तावित मेडिकल बीमा पर आपत्ति जताते हुए उन्होंने कहा कि इससे सिर्फ बीमा कंपनियों को ही फायदा होगा और मरीज नुकसान में रहेंगे.
ये भी पढ़ें:
किसानों से जुड़ा है PM मोदी का ‘TOP’ मैसेज, जानिए क्या है ये
PM मोदी की हुंकार, कहा-कर्नाटक में कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू
Article source: http://feedproxy.google.com/~r/Khabar-Cricket/~3/1pQosjLcT14/story01.htm
No comments:
Post a Comment