READ MORE
कर्नाटक की सिद्धरमैया सरकार पर बड़ा निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार का नया कीर्तिमान रचने का आरोप लगाया और कहा कि इसके सत्ता से बाहर होने की उल्टी गिनती शुरू हो गई है.मोदी ने बेंगलुरू के पैलेस ग्राऊंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस सरकार ‘एक्जिट गेट’ पर खड़ी है.’’ मोदी ने सिद्धरमैया सरकार पर तंज कसते हुए इसे ‘‘दस प्रतिशत कमीशन वाली सरकार’’ करार दिया. कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरते हुए कहा कि कानून के शासन की जगह, अपराधी शासन चला रहे हैं.
रैली कर्नाटक बीजेपी के 85 दिवसीय ‘‘परिवर्तन यात्रा’’ के पूरा होने के मौके पर आयोजित की गई थी. इस रैली के द्वारा बीजेपी ने इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए चुनावी बिगुल फूंक दिया.
पीएम मोदी ने कहा कि राज्य में ‘‘भगवा लहर’’ है और कर्नाटक की जनता ने राज्य को कांग्रेस मुक्त बनाने और कांग्रेस संस्कृति से मुक्ति का फैसला कर लिया है. राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के मामले में नया कीर्तिमान बनाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार दस प्रतिशत सरकार है जहां दस प्रतिशत कमीशन दिये बिना कोई काम नहीं होता. अगर यह किसी सरकार की पहचान है तो यह शर्म की बात है.उन्होंने राज्य के दो मंत्रियों के आवासों पर आयकर के छापों और एक वरिष्ठ कांग्रेसी नेता के छापे में बेनामी संपत्ति के खुलासे का जिक्र किया और कहा कि राज्य में स्टील माफिया, बालू माफिया और तबादला माफिया हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों ने स्टील पुल बनाने के नाम पर करोड़ों रुपये की गड़बड़ी की साजिश रची.
बीजेपी और संघ परिवार के कार्यकर्ताओं की हत्याओं के संदर्भ में उन्होंने कहा कि बीजेपी और इससे जुड़े संगठनों के कई कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई. उन्होंने कहा कि यह सामाजिक ताने बाने पर हमला है. मैं कर्नाटक की जनता से राज्य के सामाजिक ताने बाने पर हमला करने वाली सरकार के खिलाफ वोट देने की अपील करता हूं.
Article source: http://hindi.news18.com/news/jharkhand/ranchi/cnt-spt-act-amendment-957428.html
No comments:
Post a Comment