READ MORE
मार्गी अहमदाबाद के जिस सिविल अस्पताल में 48 घंटों में कम से कम 20 बच्चों की मौत हो गई. उसे महज 30 मिनट की जांच के बाद क्लीन चिट दे दी गई. इस मामले में राज्य सरकार द्वारा गठित जांच समिति मंगलवार को अस्पताल के नवजात शिशु वार्ड में पहुंची. 30 मिनट में जांच पूरी कर तुरंत रिपोर्ट भी दे दी.
राज्य सरकार ने रविवार को तब तीन सदस्यीय जांच कमेटी की घोषणा की थी, जब अस्पताल में इतने बच्चों की मौत के बाद हंगामा हो गया था. कांग्रेस ने इस मामले में प्रदर्शन किया था. तब गुजरात सरकार ने घोषणा की थी कि एक जांच कमेटी 24 घंटे के भीतर मामले की जांच कर रिपोर्ट देगी.
जांच कमेटी का निष्कर्षडॉक्टर आरके दीक्षित की अगुवाई में जांच कमेटी दोपहर दो बजे के आसपास अहमदाबाद के सिविल अस्पताल पहुंची. टीम आधे घंटे अस्पताल में रुकी. उतनी देर में उसने मृत बच्चों की मेडिकल रिपोर्ट्स देखीं. डॉक्टरों से बात करने के अलावा नर्सिंग स्टाफ से पूछताछ की. फिर अपनी रिपोर्ट में लिखा कि 48 घंटे में 20 बच्चों की मौत के मामले में अस्पताल की ओर से कोई लापरवाही नहीं हुई है. रिपोर्ट के अनुसार, जिन बच्चों की मौत हुई, उनमे से ज्यादातर बच्चे काफी दूर से लाकर अस्पताल में भर्ती किए गए थे, जिससे रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ चुकी थी. जब वो अस्पताल लाए गए तो इस हालत में नहीं थे कि उन्हें बचाया जा सके.
विस्तृत रिपोर्ट जल्द
जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग को सौंपी. अभी ये प्राथमिक रिपोर्ट है, जिसमें अस्पताल को क्लीन चिट दी गई है. रिपोर्ट में अस्पताल की चिकित्सा प्रक्रिया में लापरवाही से साफ इनकार किया गया है. कमेटी अपनी विस्तृत रिपोर्ट भी जल्द ही दे देगी.
मौत मामले में सियासत
रविवार को 20 बच्चों की मौत की खबर के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अस्पताल के बाहर काफी हंगामा किया था. कांग्रेसियों ने अस्पताल में तोड़फोड़ भी की थी. सिविल अस्पताल में इस घटना पर राजनीति भी शुरू हो चुकी है. कांग्रेस का आरोप है कि मुख्यमंत्री विजय रुपाणी इतने बच्चों की मौत के बाद भी अस्पताल नहीं पहुंचे लेकिन वह बीजेपी के एक नेता देव सिंह चौहान के घर पर बर्थ-डे पार्टी में जरूर शामिल हुए. बर्थ-डे पार्टी में मुख्यमंत्री की मौजूदगी की तस्वीरें वायरल हो रही हैं. कांग्रेस का आरोप है कि एक ओर बच्चे मर रहे हैं लेकिन सत्ताधारी भाजपा के नेता पार्टी मनाने में व्यस्त हैं.
No comments:
Post a Comment