READ MORE
टीवी शो ‘लाफ्टर चैलेंज’ में अक्षय कुमार के एक कमेंट को लेकर चल रहे विवाद में अब सीनियर जर्नलिस्ट विनोद दुआ और ट्विंकल खन्ना आमने-सामने हैं. शो में अक्षय कुमार ने अपनी को-जज और विनोद दुआ की बेटी मल्लिका दुआ पर आपत्तिजनक कमेंट किए थे. इसके बाद ट्विंकल ने अपने पति का समर्थन किया था. अब विनोद दुआ ने अक्षय की पत्नी पर निशाना साधा है. दुआ ने ट्विंकल को ‘शर्मसार पत्नी’ करार दिया.मल्लिका पर कमेंट को लेकर अक्षय की काफी आलोचना हुई थी. सोमवार को ट्विंकल ने दो जोक ट्विटर पर लिखे थे, जिनका संबंध उनके पति से था. पहला जोक था- अक्षय कुमार की मनपसंद कार कौन सी है? जवाब लिखा था- बैल गाड़ी. दूसरा जोक था- अक्षय कुमार मस्जिद क्यों जाते हैं, नीचे लिखा था- वह कुछ दुआ सुनना चाहते हैं.
लेकिन, विनोद दुआ को ट्विंकल का ये सेंस ऑफ ह्यूमर पसंद नहीं आया. उन्होंने फेसबुक पर लिखा, ‘ट्विंकल खन्ना ने लाफ्टर चैलेंज विवाद का जवाब दिया है. यह एक शर्मसार पत्नी की तरफ से उदासीन बहाना है.’
विनोद दुआ ने लिखा- ‘अक्षय कुमार भविष्य में ‘मल्लिका जी, आप बेल बजाओ मैं आपको बजाता हूं’ जैसी भद्दी बात कहने से बचेंगे. हम इस मामले को और आगे नहीं बढ़ाना चाहते.’दरअसल, एक्टर अक्षय कुमार ने मल्लिका दुआ पर ये कमेंट शो के एक फॉर्मेट को लेकर किया था. जिसमें जज किसी कंटेस्टेंट का एक्ट पसंद आने पर बेल बजाता है. इसका विवादित हिस्सा शो में ऑनएयर नहीं किया गया है.
विनोद दुआ ने कहा, “चैनल ने इस विवादित हिस्से को शो में नहीं दिखाया. इसलिए मैं चैनेल से माफी की उम्मीद नहीं कर रहा. लेकिन, अक्षय कुमार ने जो हरकत की है, उसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए.”
हालांकि, विनोद दुआ के फेसबुक पोस्ट के बाद उनकी बेटी मल्लिका दुआ ने भी ट्वीट किया. जिसमें उन्होंने कहा कि ‘बेल बजाने वाला कमेंट शो के फॉर्मेट का एक हिस्सा था. इस कमेंट से वह असहज नहीं हुई हैं.’ बेटी के इस ट्वीट के बाद विनोद दुआ ने अपना फेसबुक पोस्ट भी डिलीट कर दिया.
अक्षय इस शो में सुपर जज बने हैं. इस पूरे मामले पर उन्होंने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. इस शो में अक्षय के अलावा मल्लिका दुआ, जाकिर खान और हुसैन दलाल भी मेंटर की भूमिका में हैं.
वैसे शो की बेहद कम टीआरपी को देखते हुए इन तीनों को शो से हटा दिया गया है और इनकी जगह साजिद खाना और श्रेयस तलपड़े को ले आया गया है.
ये भी पढ़ें: अक्षय और मल्लिका दुआ वाले विवाद पर ट्विंकल खन्ना ने शेयर किए चुटकुले
No comments:
Post a Comment