READ MORE
पेपर लीक के मुद्दे पर व्यापक जनाक्रोश के बीच केंद्र सरकार ने शुक्रवार को कहा कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड( सीबीएसई) की 12 वीं कक्षा के अर्थशास्त्र विषय की दोबारा परीक्षा 25 अप्रैल को होगी. वहीं 10 वीं कक्षा के गणित विषय की दोबारा परीक्षा जरूरत पड़ने पर जुलाई में सिर्फ दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के लिए करायी जा सकती है. इस बीच, ऑल इंडिया पेरेंट्स एसोसिएशन ने आज कहा कि वह अदालत की निगरानी वाली जांच की मांग को लेकर दिल्ली उच्च न्यायालय में याचिका दायर करेगा.10वीं कक्षा के गणित विषय की दोबारा परीक्षा देश भर में कराने से इनकार करते हुए मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के लिए दोबारा परीक्षा कराने पर फैसला अगले 15 दिनों में किया जाएगा. मंत्रालय ने कहा कि विस्तृत जांच के बाद यह फैसला होगा. दूसरी ओर, विपक्ष ने सरकार पर आरोप लगाया है कि वह छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को तकलीफ दे रही है.
पेपर लीक के मुद्दे पर आक्रोश देश भर में फैल गया है. दिल्ली में छात्रों एवं एनएसयूआई और दिल्ली कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किए और सीबीएसई पर लापरवाही का आरोप लगाया. उन्होंने दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने की मांग की.
इस बीच, पेपर लीक के सिलसिले में झारखंड के चतरा जिले में छह छात्रों को हिरासत में लिया गया. दिल्ली पुलिस ने गूगल को पत्र लिखकर उस ई-मेल पते का ब्योरा मांगा है जहां से सीबीएसई की अध्यक्ष को 10 वीं कक्षा के गणित का पेपर लीक होने के बारे में ई-मेल भेजा गया था. पुलिस ने इस मामले में 10 और लोगों से पूछताछ की और सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक से बातचीत की.मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कई ट्वीट कर कहा, ‘शिक्षकों एवं छात्रों के व्यापक हित में संवेदनशील सरकार ने 10वीं कक्षा के गणित विषय की देशव्यापी परीक्षा नहीं कराने का फैसला किया है. पुलिस से अंतिम सूचना मिलने के बाद दिल्ली, हरियाणा में परीक्षा कराई जाएगी और वह भी जरूरत पड़ने पर जुलाई में आयोजित की जाएगी. 12 वीं कक्षा के छात्र- छात्राओं के भावी करियर पर असर नहीं पड़े इसलिये उनके हित में अर्थशास्त्र विषय की दोबारा परीक्षा 25 अप्रैल को होगी। लिहाजा अब कोई भ्रम नहीं है. शुभकामनाएं.’
सीबीएसई पेपर लीक मुद्दे के तूल पकड़ने के बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उन छात्रों एवं अभिभावकों के लिए दूसरी पुस्तक लिखने की सलाह दी जिनकी जिंदगी प्रश्नपत्र लीक होने से ‘तबाह’ हो गयी है. राहुल ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा और कहा, ‘प्रधानमंत्री ने छात्रों को परीक्षा के दौरान तनाव से राहत देने के बारे में शिक्षा देने के लिए एक पुस्तक ‘एक्जाम वारियर्स’ लिखी थी.’
उन्होंने कहा, ‘अगला कदम: एक्जाम वारियर्स 2, छात्रों एवं अभिभावकों को प्रश्नपत्र लीक होने के कारण उनका जीवन तबाह होने के बाद उन्हें तनाव से राहत के बारे में शिक्षा देने के लिए एक पुस्तक.’ राहुल ने अपने इस ट्वीट के साथ प्रधानमंत्री मोदी की पुस्तक ‘एक्जाम वारियर्स’ और उनकी तस्वीर को भी टैग किया है.
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने छात्रों और उनके माता-पिता से सीबीएसई के लीक हुए पर्चों की पुन: परीक्षा का बहिष्कार करने को कहा. ठाकरे ने संवाददाताओं से कहा, ‘सरकार पुन: परीक्षा का ऐलान करके छात्रों को तनाव दे रही है. यह (लीक) सरकार की गलती थी और उसे ही इसकी कीमत चुकानी चाहिए. मैं अभिभावकों से आग्रह करता हूं कि छात्रों को फिर से परीक्षा नहीं देने दें। अगर वे आज झुक गए तो आगे भी सरकार इन्हीं चीजों में शामिल होगी.’
शिक्षा सचिव अनिल स्वरूप ने साथ ही बताया कि प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि10 वीं के गणित का पर्चा लीक दिल्ली और हरियाणा तक सीमित था. उन्होंने कहा कि भारत से बाहर कोई पर्चा लीक नहीं हुआ, इसलिए देश के बाहर दोबारा परीक्षाएं नहीं करायी जाएंगी. भारत से बाहर सीबीएसई परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों के लिए प्रश्नपत्र अलग होते हैं.
सीबीएसई पेपर लीक मामले को लेकर आक्रोश के बीच ऑल इंडिया पैरेंट्स एसोसिएशन ने कहा कि वह अदालत की निगरानी वाली जांच की मांग को लेकर दिल्ली उच्च न्यायालय में याचिका दायर करेगा. अभिभावकों के संगठन के प्रमुख अशोक अग्रवाल ने कहा, ‘इस लीक से अभिभावकों और छात्रों का भरोसा डगमगा गया है. अब परीक्षा प्रणाली को लेकर ही सवाल खड़े हो रहे हैं.’
उन्होंने कहा, ‘हम ऐसा नहीं होने दे सकते और हम सोमवार को दिल्ली उच्च न्यायालय में याचिका दायर करेंगे.’ अदालत ने कहा कि याचिका में यह भी मांग की जाएगी कि सीबीएसई को फिर से परीक्षा वाले प्रश्नपत्रों की जांच में नरमी बरतने का आदेश दिया जाए.
ये भी पढ़ें
CBSE को परीक्षा से 9 घंटे पहले मिल गया था लीक्ड पेपर, जानिए क्यों नहीं हुई कार्रवाई
Exclusive: कोटा में क्यों नहीं होता JEE ADVANCED का एग्जाम
NSUI ने हाईजैक किया प्रोटेस्ट, HRD से की ऐसी मांग कि नाराज हुए स्कूली छात्र
Article source: http://khabar.ibnlive.com/news/manoranjan/%E0%A4%B6%E0%A4%BE%E0%A4%B9%E0%A4%B0%E0%A5%81%E0%A4%96-%E0%A4%95%E0%A5%87-%E0%A4%B8%E0%A4%BE%E0%A4%A5-%E0%A4%AB%E0%A4%BF%E0%A4%B2%E0%A5%8D%E0%A4%AE-%E0%A4%95%E0%A5%87-%E0%A4%B8%E0%A4%B5%E0%A4%BE-467269.html
No comments:
Post a Comment