Friday, 30 March 2018

मानव तस्करी मामले में दलेर मेहंदी को राहत, कोर्ट ने सजा पर रोक लगाई


READ MORE

पंजाबी पॉप सिंगर दलेर मेहंदी को सुनाई गई सजा पर कोर्ट ने रोक लगा दी है. उन्हें 2003 के मानव तस्करी के एक मामले में कोर्ट ने दो साल की सजा सुनाई थी. मेहंदी के वकील ने सजा के खिलाफ कोर्ट में अपील की थी, जिसपर सुनवाई करते हुए शुक्रवार को पटियाला की एडिशनल डिस्ट्रिक और सेशन जज की अदालत ने रोक लगा दी.बता दें कि 16 मार्च को ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट निधि सैनी की कोर्ट ने गायक मेहंदी को मानव तस्करी के मामले में दोषी पाया था. कोर्ट ने उन्हें दो साल की सजा सुनाई थी. हालांकि, कुछ ही मिनटों में उन्हें जमानत मिल गई.


पुलिस ने दलेर, उनके भाई शमशेर सिंह (जिनकी पिछले साल अक्टूबर में मौत हो गई) और दो अन्य के खिलाफ विदेश भेजने के बहाने लोगों से एक करोड़ रुपये ठगने का मामला दर्ज किया था. शिकायतकर्ता बख्शीश सिंह ने आरोप लगाया था कि न तो डील पूरी की गई और न ही आरोपियों ने उनका पैसा वापस किया.


पटियाला में साल 2003 में यह मामला दर्ज किया गया था. इस मामले में दलेर को गिरफ्तार किया गया था. कुछ दिनों बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया था. दलेर ने शुक्रवार को मीडिया से कहा कि वह निर्दोष हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें जमानत मिल गई है और वह पटियाला की अदालत के फैसले के खिलाफ ऊपरी अदालत में जाएंगे. इससे पहले पुलिस ने अदालत के सामने दो बार याचिका दायर कर कहा था कि दलेर ने कोई धोखाधड़ी नहीं की है और इस कारण इस मामले से उनका संबंध नहीं है.अक्टूबर 2003 में पुलिस ने दलेर को उनके भाई शमशेर के साथ गिरफ्तार किया था. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि दोनों भाइयों ने अपने संगीत दल के साथ उसे विदेश ले जाने और किसी पश्चिमी देश में बस जाने की व्यवस्था करने के एवज में बड़ी रकम ऐंठी थी.


जांच के बाद पुलिस अधिकारियों ने कहा था कि गायक और अन्य प्रस्तुतिकर्ता एक गिरोह के चंगुल में फंस गए थे जो पंजाब के युवाओं को अपने संगीत दल में शामिल कर अवैध रूप से पश्चिमी देशों में भेजता था. इसके लिए प्रत्येक युवक से 20-20 लाख रुपये वसूले गए थे.


लेकिन, जब पुलिस ने कहना शुरू किया कि दलेर का इस मामले से संबंध नहीं है तो शिकायकर्ता ने एक बार फिर अदालत की शरण ली और उन्हें बरी किए जाने का विरोध किया. उन्होंने कहा कि दोनों भाइयों ने उन्हें ठगा है.


साल 2003 में दलेर की गिरफ्तारी तब विवाद में आ गई थी जब कुछ पुलिस अधिकारियों ने उन्हें कपड़े उतारने के लिए कहा था. जमानत पर रिहा होने से पहले उन्होंने कुछ दिन जेल में गुजारे थे.


उनके छोटे भाई गायक मीका सितंबर 2003 में उनके समर्पण के समय उनके साथ थे. मीका को उस वक्त वापस लौटना पड़ा था जब उनकी गाड़ी को पुलिस स्टेशन के पास कुछ आक्रोशित लोगों ने घेर लिया था.


(एजेंसी इनपुट के साथ)


Article source: http://feedproxy.google.com/~r/ndtvkhabar/~3/tMf9IKSk_18/story01.htm

No comments:

Post a Comment