READ MORE
ओडिशा में प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस को बड़ा झटका मिला है. पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने शुक्रवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया. पार्टी सूत्रों ने बताया कि नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पीसीसी अध्यक्ष प्रसाद हरिचंदन को अपना इस्तीफा भेज दिया है.पार्टी छोड़ने वाले नेताओं में पूर्व केन्द्रीय मंत्री चंद्रशेखर साहू, ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमिटी के सचिव विक्रम कुमार पांडा और जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष बी गंतायत शामिल हैं. वहीं बेहरमपुर नगर निगम के पांच पार्षदों ने भी इस्तीफा दिया है.
पूर्व केन्द्रीय मंत्री चंद्रशेखर साहू ने इस्तीफा देने के बाद कहा, ‘‘ पिछले कुछ सालों से कांग्रेस में कोई अनुशासन नहीं है. पार्टी हाईकमान भी राज्य में पार्टी संगठन में कोई सुधार के मूड में नहीं है. 2009 से पार्टी ने हमारा कोई इस्तेमाल नहीं किया और हमारी अनदेखी की है. इसलिए मैंने पार्टी छोड़ने को निर्णय किया.’’
आगे की योजना पर उन्होंने किसी पार्टी का नाम लिए बगैर कहा कि वह कांग्रेस से असंतुष्ट हैं और उस पार्टी के साथ जुड़ेंगे जो धर्मनिरपेक्ष होगी और ओडिशा के हित में खड़ा होगी.’’बता दें कि अध्यक्ष राहुल गांधी कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बड़े बदलाव की तैयारी में हैं. उन्होंने अशोक गहलोत को गुजरात प्रभारी पद से हटाकर संगठन महासचिव के पद पर प्रमोट किया है. वहीं लम्बे समय से कांग्रेस महासचिव का पद संभाल रहे जनार्दन द्विवेदी और बीके हरिप्रसाद को राहुल गांधी ने महासचिव पद से हटा दिया है. माना जा रहा है कि राहुल अपनी एक युवा टीम बनाना चाहते हैं और आने वाले दिनों में कांग्रेस के कई सीनियर नेताओं को संगठन से बाहर का रास्ता दिखा सकते हैं.
Article source: http://ibnlive.in.com/news/private-doctors-use-wrong-tb-test-to-earn-more/173130-17.html
No comments:
Post a Comment