Saturday, 28 October 2017

कश्मीर समस्या कांग्रेस की धरोहर, चिदंबरम का बयान देश विरोधी: जेटली


READ MORE

सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति इरानी के बाद वित्त मंत्री अरुण जेटली ने भी चिदंबरम को कश्मीर के आजादी वाले बयान पर आड़े हाथों लिया है. उन्होंने कहा कि 1947 से कांग्रेस की दोषपूर्ण नीति ही कश्मीर समस्या के लिए जिम्मेदार है. कश्मीर समस्या कांग्रेस की धरोहर है. अपनी पुरानी गलतियों से सीखने के बजाए कांग्रेस इस देश के लिए संकट को बढ़ाना चाहती है.उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरे देश के साथ धोखा कर रही है, वो जम्मू-कश्मीर में अलगाववाद को बढ़ावा दे रही है. चिदंबरम पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि ‘आजादी’ या स्वायत्तता को लेकर कांग्रेस ने जो रुख दिखाया है, वह भारत के राष्ट्रीय हितों के विरोध में है.


इससे पहले स्मृति इरानी ने चिदंबरम के बयान को घृणित और देश को बांटने वाला बताया. गौर हो कि शनिवार को गुजरात के राजकोट में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कहा एक विवादित बयान दिया था जिसमें उन्होंने कहा कि जब कश्मीर के लोग स्वतंत्रता की बात करें तो उसे स्वायत्तता समझनी चाहिए.




इसके बाद स्मृति इरानी ने ट्वीट कर उन पर हमला बोला और लिखा कि पी. चिदंबरम ने भारतीय एकता को टुकड़ों में बांटने की जो बात कही है, वह पूरी तरह हैरान करने वाली और घृणित है. साथ ही उन्होंने लिखा कि अपने बयानों के जरिए चिदंबरम ऐसे लोगों का साथ दे रहे हैं जो घाटी के माहौल को खराब करने के लिए हमारे जवानों को मौत के घाट उतारते हैं.


उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे बयानों से कांग्रेस यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि राजनीतिक फायदे के लिए वह राष्ट्रवाद को भी न्योछावर करने के लिए तैयार है.



स्मृति ने कहा कि पटेल ने देश को एक करने के लिए जान लगा दिया और कांग्रेस अब विभाजन की राजनीति कर रही है.


गौरतलब है कि चिदंबरम ने जम्मू कश्मीर मुद्दे पर कहा कि राज्य को जितना मैं समझ पाया हूं उससे इसी निष्कर्ष पर पहुंचा कि जब वहां के लोग आजादी मांगते हैं तो इसका मतलब होता है कि उन्हें स्वायत्ता चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों को और ज्यादा अधिकार दिए जाने की जरूरत है और कुछ हिस्सों को स्वायत्ता भी प्रदान की जा सकती है.


चिदंबरम ने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों को स्वायत्ता देने पर जरूर विचार होना चाहिए. ये भारत का हिस्सा बना रहेगा लेकिन आर्टिकल 370 के मुताबिक और ज्यादा अधिकार दिए जाने की जरूरत है.


यह भी पढ़ें-
चिदंबरम ने समझाया ‘कश्मीर के लोगों की आजादी’ का मतलब


Article source: http://khabar.ibnlive.com/news/khel/dope-test-narsingh-yadav-praveen-rana-rio-olympic-wrestler-501752.html

No comments:

Post a Comment