READ MORE
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर सकते हैं. अमेरिका के राष्ट्रपति के तौर पर दो कार्यकाल पूरा करने के बाद बराक ओबामा अब पत्नी मिशेल ओबामा के साथ अपने फाउंडेशन के काम में जुटे हुए हैं.
ओबामा फाउंडेशन के कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति भारत आए हुए हैं. इसी के तहत दिल्ली में टाउन हाल कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश भर के 300 लीडर्स हिस्सा लेंगे और बराक ओबामा से अपने विचार साझा करेंगे.
On December 1, @BarackObama is headed to India to host a Town Hall with hundreds of young leaders. Check it out: pic.twitter.com/IWoCOmqi4L
— The Obama Foundation (@ObamaFoundation) November 16, 2017
फाउंडेशन के मुताबिक टाउन हाल में इस विषय पर बात होगी कि सक्रिय नागरिक होने का अर्थ क्या होता है और कैसे इसे प्रभावी बनाया जा सकता है. साथ ही ओबामा फाउंडेशन इमर्जिंग लीडर्स की कैसे मदद कर सकता है.
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति रहते हुए बराक ओबामा कई मौकों पर मिल चुके हैं. साल 2015 में प्रतिष्ठित टाइम मैगजीन के लिए बराक ओबामा ने नरेंद्र मोदी की प्रोफाइल लिखी थी. ओबामा ने लिखा था कि गरीबी खत्म करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बहुत ही महत्वाकांक्षी दृष्टिकोण रखा है. साथ ही शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और लड़कियों की स्थिति को सुधारने के लिए भी उनके पास बेहतर नजरिया है.
ओबामा ने लिखा कि भारत की वास्तविक वित्तीय क्षमता को उभारने के लिए मोदी भरसक प्रयास कर रहे हैं, जबकि उनके सामने क्लाइमेट चेंज जैसी मुश्किल चुनौती है.
ओबामा के लेख का शीर्षक था, ‘इंडिया का रिफॉर्मर इन चीफ’
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे लिखा, ‘प्रधानमंत्री मोदी ने यह पाया है कि 1 अरब से ज्यादा भारतीयों का जीवन पूरी दुनिया के लिए एक प्रेरणादायक मॉडल हो सकता है.’ साल 2015 में बराक ओबामा भारत के गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बनें.
No comments:
Post a Comment