READ MORE
सीबीआई ने दो अरब डॉलर के पंजाब नेशनल बैंक घोटाले में गुरुवार को भी छापेमारी का सिलसिला जारी रखा. जांच एजेंसी ने कहा है कि इन कार्रवाइयों में उसे लेटर ऑफ अंडरटेकिंग्स (एलओयू) से संबंधित कुछ दस्तावेज प्राप्त हुए हैं. इसके अलावा पंजाब नेशनल बैंक की ब्रैडी हाउस शाखा में 2011 से 2015 के दौरान साथ-साथ ऑडिट के लिए जिम्मेदार आंतरिक मुख्य ऑडिटर (सेवानिवृत्त) बिष्णुब्रत मिश्रा को गुरुवार गिरफ्तार किया गया.मिश्रा पर पीएनबी की शाखा में प्रक्रियाओं और कामकाज के तरीके की ऑडिटिंग की जिम्मेदारी थी. उन्हें उनके बारे में रिपोर्ट भी करना होता था.
अधिकारियों ने कहा कि सीबीआई की हिरासत में जो लोग हैं उनके अलावा 13 और लोगों से गुरुवार को पूछताछ की गई. अधिकारियों के मुताबिक कुछ गिरफ्तार आरोपियों तथा अन्य लोगों से पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर गुरुवार को और छापेमारी की गई. मध्य मुंबई उपनगर के वडाला में एक चाल के छोटे कमरे में ये दस्तावेज छिपाकर रखे गए थे.
अरबपति आभूषण कारोबारी ने अपनी व्यस्तता की वजह से सीबीआई जांच में शामिल होने से इनकार कर दिया है. सीबीआई ने इस मामले में पीएनबी के आंतरिक मुख्य ऑडिटर एम के शर्मा को गिरफ्तार किया है. वह मुख्य प्रबंधक स्तर के अधिकारी हैं. यह बैंक के किसी ऑडिटर की पहली गिरफ्तारी है.शर्मा, स्केल-चार स्तर के अधिकारी हैं, उन पर बैंक की ब्रैडी हाउस शाखा की प्रणालियों और कामकाज के तौर तरीकों की ऑडिट की जिम्मेदारी थी. इसी शाखा से एलओयू जारी किए गए जिससे नीरव मोदी ने अन्य बैंकों की विदेशी शाखाओं से कर्ज लिया.
नीरव मोदी के जांच में शामिल होने से इनकार के बाद एजेंसी ने उसे अधिक कड़ा पत्र जारी कर अगले सप्ताह पेश होने को कहा है. सीबीआई ने नीरव मोदी को निर्देश दिया कि वह जिस देश में है वहां भारतीय दूतावास से संपर्क करे, जिससे उसकी भारत यात्रा के लिए व्यवस्था की जा सके. सीबीआई ने मोदी से कहा है कि किसी भी आरोपी को जांच में शामिल होने के लिए बुलाने पर पेश होना अनिवार्य है.
इससे पहले एजेंसी ने मोदी को उसके आधिकारिक मेल पर संदेश भेजकर 12,636 करोड़ रुपए के घोटाले की जांच में शामिल होने को कहा था.
गौरतलब है कि हीरा कारोबारी नीरव मोदी और गीतांजलि जेम्स के मालिक मेहुल चौकसी 11,356 करोड़ के पीएनबी बैंक फ्रॉड में आरोपी हैं. इन लोगों पर पीएनबी के अफसरों से मिलीभगत कर फर्जी एलओयू के जरिए विदेशी खाते में कई हजार करोड़ की रकम ट्रांसफर करने का आरोप है.
ये भी पढ़ें:
PNB घोटाला: नीरव मोदी की नौ कारें और 86 करोड़ के म्यूचुअल फंड जब्त
नीरव ‘फ्रेंड’ तो चौकसी था ‘अंकल’, ये थे PNB कर्मचारियों के कोड वर्ड
Article source: http://feedproxy.google.com/~r/ndtvkhabar/~3/DvSrXYMSuuk/story01.htm
No comments:
Post a Comment