Thursday, 1 March 2018

अनिल कपूर ने मुश्किल वक्त में साथ के लिए मुंबई पुलिस का किया शुक्रिया


READ MORE

हिन्दी फिल्मों में मशहूर अभिनेता अनिल कपूर ने अपनी भाभी और बॉलीवुड की दिलकश अदाकारा श्रीदेवी के अंतिम संस्कार के दौरान भीड़ को अच्छी तरह संभालने के लिए मुंबई पुलिस का शुक्रिया अदा किया है.अनिल कपूर ने टि्वटर पर एक बयान जारी कर इस मुश्किल घड़ी में परिवार की प्राइवेसी की रक्षा के लिए पुलिसकर्मियों का अभिवादन किया. उन्होंने लिखा, ‘गम की इस मुश्किल घड़ी में मैं अपने उन दोस्तों और शुभचिंतकों का दिल से शुक्रगुजार हूं, जिन्होंने हमारे पास रहकर हमारी निजता की हिफाजत की और शोक के वक्त हमें शांति के पल मुहैया कराए.’




इसके साथ ही उन्होंने लिखा, ‘मैं खासकर इन पलों में हमारा साथ देने और हमारी प्राइवेसी बनाए रखने तथा हमारी शांति सुनिश्चित करने के लिए मुंबई पुलिस को धन्यवाद देना चाहूंगा. आपकी दुआओं के लिए शुक्रिया.’


वहीं मुंबई पुलिस ने भी अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर इसका जवाब दिया है. उसने लिखा, ‘दुख की इस घड़ी में हम सब आपके और आपके परिवार के साथ हैं.’




बता दें कि अपने एक रिश्तेदार की शादी में शरीक होने दुबई गईं श्रीदेवी का 24 फरवरी को वहां निधन हो गया था, जिसके बाद बुधवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ मुंबई में उनका अंतिम संस्कार किया गया. इस दौरान उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए बॉलीवुड की कई दिग्गज हस्तियों के साथ आम लोगों का भी भारी हुजूम था. श्रीदेवी के निधन के बाद उनके परिवार में अब पति बोनी कपूर और दो बेटियां जाह्वी और खुशी कपूर बचे हैं.


Article source: https://hindi.news18.com/news/entertainment/bollywood/diljit-dosanjh-s-stunning-body-transformation-1176672.html

No comments:

Post a Comment