READ MORE
मौसम विभाग ने केरल में सामान्य से अत्यधिक बारिश होने के बारे में पहले से आगाह नहीं करने के राज्य सरकार के आरोप को खारिज़ करते हुए कहा है कि इस बारे में अगस्त के पहले हफ्ते से ही पूर्व चेतावनी जारी कर दी गयी थी.विभाग ने शनिवार को जारी बयान में कहा है कि केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन सहित राज्य सरकार के आला अधिकारियों के साथ समय-समय पर हुई बैठकों में लगातार स्थिति से अवगत कराया जाता रहा है. उल्लेखनीय है कि हाल ही में विजयन ने राज्य में बाढ़ की आपदा के बारे में मौसम विभाग की ओर से पहले से सटीक जानकारी नहीं देने का केरल विधानसभा में आरोप लगाया था.
विभाग ने कहा कि तिरुवनंतपुरम स्थित मौसम विभाग के कार्यालय ने अगस्त महीने के शुरू में ही विभिन्न माध्यमों से प्रतिदिन चेतावनी देना शुरू कर दिया था. इनमें मौसम विभाग की वेबसाइट, एसएमएस और ई-मेल के अलावा नाउकास्ट प्रणाली से केरल के प्रत्येक जिले के लिए अगले तीन घंटों की मौसम की जानकारी से राज्य सरकार के संबद्ध अधिकारियों को लगातार अवगत कराया गया.
विभाग ने स्पष्ट किया कि नौ अगस्त को राज्य के मुख्यमंत्री की ओर से आहूत उच्च स्तरीय बैठक में भी केरल में ज़बरदस्त मॉनसून और इस कारण होने वाली मूसलाधार बारिश की स्थिति का विस्तार से उल्लेख किया गया था. इतना ही नहीं राज्य के मुख्य सचिव और अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व एवं आपदा प्रबंधन) को इस बारे में विभाग की ओर से टेलीफोन पर मौखिक रूप से समय-समय पर बारिश के पूर्वानुमान की जानकारी दी गयी.विभाग ने कहा कि इसके पहले राज्य के जिलाधिकारियों को भी ‘डॉप्लर वेदर राडार डाटा’ के माध्यम से लगातार जानकारी दी गयी. इस दौरान राज्य के मुख्य सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व एवं आपदा प्रबंधन), राज्य आपदा प्रबंधन और नौसेना के अधिकारियों को ई-मेल के ज़रिए मौसम संबंधी सभी प्रकार की चेतावनियों से अवगत कराया गया. इसमें प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से भी मौसम विभाग ने आवश्यक जानकारी दी थी.
विभाग ने कहा कि 10 अगस्त को राज्य आपदा प्रबंधन के सदस्य सचिव को और 14 अगस्त को कोवलम एवं तिरुवनंतपुरम के जिलाधिकारी को मूसलाधार बारिश के पूर्वानुमान से अवगत कराया गया था.
इससे पहले दो अगस्त को दिल्ली स्थित मौसम विभाग के मुख्यालय से राज्य में अगले दो हफ्ते के मौसम के अनुमान की जानकारी देते हुए दक्षिण प्रायद्वीपीय इलाकों में नौ से 15 अगस्त के बीच मूसलाधार बारिश होने की आशंका जतायी गयी थी. ये जानकारी केरल सहित सभी संबद्ध राज्यों के मुख्य सचिवों को अलग से भी ई मेल के ज़रिए भेजी गयी थी. साथ ही राज्य के इदुक्की में 14 अगस्त से होने वाली भारी बारिश का रेड अलर्ट 12 अगस्त को ही जारी कर दिया गया था.
Article source: http://www.livehindustan.com/news/cricket/article1--india-vs-australia-ishant-sharma-makes-monkey-face-to-upset-steve-smith-727734.html
No comments:
Post a Comment