Sunday, 29 October 2017

Press Review : शिवराज बोले : वॉशिंगटन की 92 प्रतिशत सड़कें खराब


READ MORE

सुपर कॉरिडोर पर टिका बयान
मध्य प्रदेश की सड़कों को अमेरिका की सड़कों से बेहतर बताने से उठे विवाद से अविचलित मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वदेश लौटने पर कहा है कि वॉशिंगटन की 92 प्रतिशत सड़कें खराब हालत में हैं. अंग्रेजी दैनिक द हिन्दू के अनुसार चौहान ने इसके लिए एक रिपोर्ट का हवाला लिया. चौहान सप्ताह भर की विदेश यात्रा के बाद देश लौटे हैं.चुनाव चिन्ह को लेकर खींचतान
द हिन्दू लिखता है कि जनता दल (यूनाइटेड) में चल रहे चुनाव चिह्न के विवाद में नीतिश कुमार धड़े ने फैसला किया है कि सोमवार को चुनाव आयोग से मिलकर इस मामले में जल्दी निर्णय का अनुरोध किया जाए. पार्टी प्रवक्ता त्यागी ने बताया कि शरद यादव गुट चाहता है कि यह फैसला देर से हो ताकि गुजरात चुनाव में पार्टी चुनाव चिह्न तीर का इस्तेमाल न कर सके. शरद यादव गुट ने इस चुनाव चिह्न पर अपना दावा जताया है.राहुल की नई पारी?
19 नवंबर को दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जन्मशती पर राहुल गांधी काँग्रेस अध्यक्ष बनाए जाएंगे या नहीं, इसे लेकर चल रही अटकलों पर द हिन्दू ने अपनी विशेष खबर में कहा है कि सोमवार को राहुल पार्टी के महासचिवों और राज्य प्रभारियों की बैठक की अध्यक्षता करने वाले हैं, जिसमें साल भर के कार्यक्रमों पर चर्चा होनी है. अखबार ने संभावना जताई है कि इस बैठक में नोटबंदी के विरोध को लेकर किसी कार्यक्रम पर भी चर्चा हो सकती है जिसे आठ नवंबर को एक साल पूरा हो रहा है |


जीएसटी में राहत
जीएसटी मे छोटे कंपोजीशन डीलर के तीनों वर्गों व्यापारियों, निर्माताओं और रेस्त्रा को राहत मिल सकती है. इंडियन एक्सप्रेस ने अपनी एक ताजा खबर में कहा है कि सरकार कंपोजीशन शुल्क का एक समान एक प्रतिशत का तोहफा इन व्यापारियों को दे सकती है जो अभी एक, दो और पाँच प्रतिशत है. कंपोजीशन योजना के लिए वार्षिक टर्नओवर की संशोधित सीमा एक करोड़ रु को बढ़ाकर डेढ़ करोड़ रु करने और एसी तथा नॉन एसी दोनों तरह के रेस्त्रां के लिए 12 प्रतिशत जीएसटी का भी प्रस्ताव मंजूर होने की संभावना अखबार ने जताई है.


सरकारी वकील की मिलीभगत
हरियाणा के फरीदाबाद में एक 15 वर्षीय युवक जुनैद खान की हत्या के मामले में सुनवाई कर रही अदालत ने एक वरिष्ठ सरकारी वकील के खिलाफ आरोपी की मदद करने के आरोप में कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. अतिरिक्त जिला और सत्र न्यायाधीश वायएस राठोर ने कहा कि प्रति परीक्षण में एडिशनल एडवोकेट जनरल आरोपी के वकील को सरकारी गवाह से पूछे जाने वाले सवालों में मदद कर रहे थे.


हार्दिक-कांग्रेस मुलाकात
पाटीदार नेता हार्दिक पटेल के संगठन पाटीदार अनामत आंदोलन समिति को कांग्रेस ने सोमवार को बातचीत के लिए बुलाया है. संगठन ने कांग्रेस से तीन नवंबर तक पाटीदार आरक्षण पर स्थिति स्पष्ट करने को कहा है. इंडियन एक्सप्रेस अखबार लिखता है कि हार्दिक पटेल और उनके एक अन्य साथी नेता सोमवार दोपहर दो बजे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भरत सिंह सोलंकी से मिलने वाले हैं. उधर गुजरात के भाजपा मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने हार्दिक पटेल से पूछा है कि क्या पाटीदार समाज अन्य पिछड़ा वर्ग में आरक्षण चाहता है


स्वायत्तता या आजादी
अखबारों में इन शब्दों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी और कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री पी चिदंबरम के बीच खींचतान की चर्चा है. ‘द टेलिग्राफ’ अखबार लिखता है कि मोदी का आरोप है कि कांग्रेस कश्मीर में आजादी की मांग के सुर में सुर मिला रही है. उन्होने चिदंबरम के एक सुझाव के हवाले से कहा कि जब कश्मीरी आजादी मांगते हैं तो ज़्यादातर का मतलब स्वायत्ता से होता है. मोदी ने कहा कि स्वायत्तता का मतलब है कि देश के संविधान के तहत निर्णय लेने की स्वतंत्रता जबकि आजादी का मतलब है देश से टूटकर अलग होना. मोदी ने आरोप लगाया कि पूर्व शासक राजनीतिक दल अपनी बात से पलटकर अब कश्मीर की आजादी की बात करने लगा है. उधर चिदंबरम का कहना है कि कुछ कहने से पहले उनसे पूछे गए सवाल और पूरे जवाब को नहीं देखा गया है.

No comments:

Post a Comment