READ MORE
आम आदमी पार्टी (आप) को एक बार फिर जनलोकपाल बिल की याद आई है. आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में प्रस्ताव पास कर केंद्र के लोकपाल और दिल्ली के जनलोकपाल बिल को पास करने की मांग की गई. बैठक में दिल्ली सरकार के कामकाज से लेकर संगठन के विस्तार पर चर्चा की गई.वैसे तो ये आम आदमी पार्टी कि राष्ट्रीय परिषद की बैठक थी, लेकिन पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल दिल्ली में रहते हुए भी बैठक में सिर्फ अपनी बात कहने के लिए ही समय निकाल पाए. उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दिल्ली सरकार के काम पर अपनी पीठ थपथपाई. जो काम नहीं कर पाए उसके लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहरा दिया.
बैठक में दिन भर संगठन के विस्तार से लेकर बेरोज़गारी, आर्थिक संकट और किसानों की बदहाली जैसे ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा हुई. नोटबंदी और जीएसटी पर सरकार से श्वेत पत्र जारी करने, आत्म हत्या करने वाले किसानों को 20 लाख मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और कॉर्पोरेट की तरह किसानों की कर्ज माफी, युवाओं को रोजगार के अवसर दिलवाने, शिक्षा का बजट बढ़ाने, बिना गारंटी शिक्षा लोन देने जैसे प्रस्ताव को पास किया गया.
एक लंबे अरसे बाद पार्टी को जनलोकपाल बिल की भी याद आई. प्रस्ताव पास कर केंद्र के लोकपाल और दिल्ली के जनलोकपाल को पास करने की अपील की गई.बैठक में दिल्ली के उपराज्यपाल की तरफ से सरकार के काम मे बाधा डालने के आरोपों पर निंदा प्रस्ताव भी पास किया गया. हालांकि, राष्ट्रीय परिषद के दौरान पार्टी के भीतर का अंदरुनी घमासान नियंत्रण में नजर आया पर बैठक खत्म होते ही झगड़ा फिर से सड़क पर आ गया जो आने वाले दिनों में भी खत्म होता नहीं दिख रहा. दरअसल, बैठक खत्म होते ही पार्टी के सीनियर नेता कुमार विश्वास और विधायक अमानतुल्लाह खान के समर्थक हंगामा और नारेबाजी करने लगे. काफी समय से कुमार विश्वास और अमानतुल्लाह के बीच विवाद चल रहा है.
Article source: https://hindi.news18.com/news/nation/center-playing-snakes-and-ladders-on-appointment-of-cops-for-delhi-said-high-court-1155536.html
No comments:
Post a Comment