Sunday, 26 November 2017

राजनाथ सिंह रूस रवाना, हो सकता है ये महत्वपूर्ण समझौता


READ MORE

गृह मंत्री राजनाथ सिंह रूस के तीन दिवसीय दौरे पर रवाना हो गए हैं. उनकी इस यात्रा में भारत और रूस के बीच आतंकवाद के हर प्रकार से निपटने में सहयोग और मादक पदार्थ की तस्करी रोकने के संयुक्त प्रयास के लिए दो महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएंगे.अधिकारियों ने बताया कि मास्को की यात्रा पर आज रवाना हुए सिंह गृह मंत्रालय एवं रूसी संघ के गृह मंत्रालय के बीच एक सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे. यह सहयोग समझौता आतंकवाद तथा संगठित अपराध से निपटने पर सहयोग के बारे में होगा.


गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि यह समझौता सूचनाओं, विशेषज्ञता के आदान प्रदान, बेहतर कार्य प्रणाली के माध्यम से द्विपक्षीय संबंधों को और अधिक मजबूत करेगा, आतंकवाद को रोकने में मदद करेगा तथा क्षेत्र में सुरक्षा को पुख्ता बनाएगा.


प्रस्तावित समझौता अक्तूबर 1993 में हुए समझौते की जगह लेगा। यह सुरक्षा के क्षेत्र में होने वाले लाभ को समेकित करने की दिशा में एक अहम कदम है और नए उभरते खतरों एवं जोखिमों से संयुक्त रूप से मुकाबला करने की अपेक्षा रखता है.गृह मंत्री रूसी संघ के गृह मंत्री व्लादिमीर कोलोकोल्तसेव तथा अन्य वरिष्ठ रूसी नेतृत्व से बातचीत करेंगे. अधिकारी ने बताया कि सिंह की गृह मंत्री तथा अन्य वरिष्ठ रूसी नेतृत्व के साथ बैठकों में द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और परस्पर सहमति के अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचार किया जाएगा.


सिंह भारत के नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो तथा रूसी गृह मंत्रालय के बीच संयुक्त कार्य योजना पर भी हस्ताक्षर करेंगे.


अधिकारी ने बताया कि साझा सुरक्षा चिंताओं के मामलों में सहयोग का दोनों देशों के बीच पुराना सिलसिला रहा है। ऐसे में सिंह की यह यात्रा दोनों देशों के बीच परस्पर लाभकारी संबंधों को और अधिक मजबूत करने का अवसर देगी.


रूस की यात्रा पर रवाना होने से पहले, गृह मंत्री ने कहा कि भारत और रूस के बीच विशेष संबंध रहे हैं जो दशकों से समय की कसौटी पर खरे उतरते रहे हैं. उन्होंने ट्वीट किया ‘‘इस साल भारत और रूस अपने राजनयिक संबंधों की 70 वीं सालगिरह मना रहे हैं। हम रूस के साथ भारत की रणनीतिक एवं सुरक्षा साझेदारी को और गहरा करना चाहते हैं.’’

No comments:

Post a Comment