READ MORE
ओलिव रिडले प्रजाति के कछुओं की प्रजनन ऋतु नज़दीक होने के मद्देनज़र ओडिशा सरकार की एजेंसियों ने इस लुप्तप्राय समुद्री जीव की रक्षा के लिए बुधवार से समुद्र में मछली पकड़ने की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया.अधिकारियों ने बताया कि इस प्रजाति के कछुओं की प्रजनन ऋतु की शुरुआत होने के मद्देनज़र धमरा-देवी-रूशिकुल्या नदी के मुहाने तक फैले तटों पर सात महीने तक मछली पकड़ने पर रोक लगा दी है.
ये प्रतिबंध 31 मई तक प्रभावी रहेगा और इसके कारण तटीय केन्द्रपाड़ा और जगतसिंहपुर जिलों में करीब 26 हज़ार पारंपरिक समुद्री मछुआरे प्रभावित हो सकते हैं. प्रतिबंध ओडिशा समुद्री मत्स्य पालन नियमन अधिनियम (ओएमएफआरए) 1982 और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के प्रावधानों के तहत लगाए गए हैं.
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष लगाए गए प्रतिबंध के दौरान प्रतिबंधित क्षेत्रों में ओएमएफआरए प्रावधानों का उल्लंघन करने के लिए 300 से ज्यादा जालों और नौकाओं को ज़ब्त किया गया था और दो हज़ार नाविकों को गिरफ्तार किया था. राजनगर मेनग्रोव (वन्यजीव) वन प्रभाग के मंडलीय वन अधिकारी बिमल प्रसन्ना आचार्य ने कहा, ‘कुछओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निषेधात्मक आदेशों को कड़ाई से लागू किया गया है. मछुआरों को प्रतिबंधित जल क्षेत्र में मछली नहीं पकड़ने की चेतावनी दी गयी है.’
No comments:
Post a Comment