READ MORE
रिलायंस जियो ने अपने 4जी फ़ीचर फोन Jio Phone की बुकिंग फिर से शुरू कर दी है। समाचार एजेंसी पीटीआई भाषा ने सूत्रों के हवाले से ख़बर दी है कि फिलहाल वे ही लोग बुकिंग कर सकते हैं जिन्होंने पहले जियो फोन को खरीदने में रूचि दिखाई थी। ख़बर के मुताबिक, कंपनी ने उन लोगों को मैसेज भेजना शुरू कर दिया है जो जुलाई में जियो फोन को खरीदना चाहते थे। रिलायंस जियो के एक चैनल पार्टनर ने भाषा को बताया कि 500 रुपये जमा करके फोन को बुक करने के इच्छुक लोगों को एक लिंक भेजा जाएगा। पेमेंट करने के बाद ग्राहकों को जियो फोन की डिलिवरी की तारीख़ के बारे में सूचना दी जाएगी।
गौर करने वाली बात है कि जुलाई में लगभग एक करोड़ लोगों ने जियो फोन खरीदने में रुचि दिखाई थी। ऐसे सभी लोगों को कंपनी की तरफ़ से एक मैसेज भेजा जा रहा है। हालांकि, अभी कंपनी ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। बता दें कि अगस्त में पहले चरण में जियो फोन के लिए लगभग 60 लाख प्री-बुकिंग की गई थी। रिलायंस जियो की प्रभावी कीमत शून्य है और कंपनी 1,500 रुपये की राशि को भी 36 महीने बाद फोन लौटाने पर वापस करने की बात कह रही है।
No comments:
Post a Comment