READ MORE
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के लिए बुधवार को उस समय अजीब स्थिति उत्पन्न हो गई जब लिंगायतों के एक प्रमुख महंत ने लिंगायतों और वीरशैव लिंगायतों को धार्मिक अल्पसंख्यक दर्जा देने की सिफारिश के लिए सिद्धाारमैया सरकार की प्रशंसा कर दी. शाह ने इस कदम को हिंदू समुदाय को बांटने का एक प्रयास करार दिया था.मुरुघा मठ के महंत डॉक्टर शिवमूर्ति मुरूघा शरानारु ने मंगलवार को चित्रदुर्ग में शाह को सौंपे एक ज्ञापन में सरकार के इस कदम का समर्थन किया और धार्मिक अल्पसंख्यक दर्जे के लिए केंद्र की मंजूरी की मांग की.
शाह कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के पारंपरिक लिंगायत वोट आधार को एकजुट रखने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने दो दिवसीय अपने इस दौरे में लिंगायत/वीरशैव के कई महंतों से मुलाकात की. कर्नाटक में विधानसभा चुनाव 12 मई को होना है. (पढ़ेंः इन रास्तों से गुजरकर मिलती है कर्नाटक की सत्ता)
महंत ने कहा कि उन्होंने शाह को एक ज्ञापन दिया है जिसमें लिंगायतों के लिए धार्मिक अल्पसंख्यक दर्जे को मंजूरी देने की मांग की गई है जिसकी सिफारिश कर्नाटक सरकार ने की है. उन्होंने कहा कि शाह ने उन्हें धैर्यपूर्वक सुना. ज्ञापन में कहा गया है कि लिंगायत और वीरशैव लिंगायत समुदाय को अल्पसंख्यक दर्जे के लिए कर्नाटक में एक मजबूत आंदोलन चल रहा है.इसमें कहा गया, ‘‘शुरुआती तौर पर यह प्रतीत होता है कि लिंगायतों और वीरशैव लिंगायत अनुयायियों के बीच एक विवाद है,’’ लेकिन यह दोनों आस्थाओं के लोगों की भावनाओं का अस्थायी उभार है और यह लंबे समय तक नहीं रहेगा. (पढ़ेंः क्यों कर्नाटक में बीजेपी की आखिरी उम्मीद हैं येदियुरप्पा)
महंत ने कहा कि कर्नाटक सरकार ने इस संबंध में केंद्र को जो सिफारिश की है वह सही है. उन्होंने कहा, ‘‘इस धर्म को अल्पसंख्यक दर्जा मिलने से इस समुदाय के युवाओं को निश्चित रूप से लाभ होगा. यह समुदाय को बांटने का नहीं बल्कि लिंगायतों में पहले से उपविभाजित उपजातियों को एकजुट करने का एक कदम है.’’
शाह ने मंगलवार को कहा था कि लिंगायत और वीरशैव लिंगायत को धार्मिक अल्पसंख्यक दर्जा देने का कदम हिंदुओं को बांटने का एक प्रयास है. उन्होंने विधानसभा चुनाव से पहले ऐसी सिफारिश पर भी सवाल उठाया. कर्नाटक कैबिनेट ने गत 19 मार्च को लिंगायत और वीरशैव लिंगायतों को धार्मिक अल्पसंख्यक का दर्जा देने के लिए केंद्र को सिफारिश करने का निर्णय किया.
No comments:
Post a Comment