
READ MORE
जहां खून के कतरे छिटके थे, कमरे के बाहर फर्श पर वहां लिखा था ‘आप दूर रहिए’. जहां खून से लथपथ एक लाश पड़ी थी, यानी कमरे के अंदर लिखा था ‘ज़िंदगी छटपटा रही है’. दूसरी लाश पंखे से झूल रही थी. ये तो तय था कि मामला एक कत्ल और एक खुदकुशी का था लेकिन पंखे से झूल रहे लड़के ने ही कत्ल के बाद खुदकुशी की थी या कहानी में कोई और किरदार भी था? इस सवाल का जवाब बहुत दूर नहीं था.दिल्ली: लिव-इन पार्टनर की हत्या
ये कहानी है कोलकाता से दिल्ली आकर रहने लगे 24 वर्षीय अभिषेक और 23 वर्षीय अयोशना की. सालों पहले बंगाल में एक ही स्कूल में पढ़ने के दौरान एक कॉमन फ्रेंड के ज़रिये दोनों की मुलाकात हुई थी. दोनों के शौक एक जैसे थे यानी अयोशना को पेंटिंग करना पसंद था और अभिषेक को पेंटिंग का लुत्फ लेना. दोनों के बीच पढ़ाई और मस्ती के दौरान नज़दीकियां बढ़ती चली गईं.
स्कूल और कॉलेज की पढ़ाई के बाद अयोशना दिल्ली चली आई. यहां ग्राफिक डिज़ाइनर के तौर पर अयोशना एक कंपनी के साथ काम करने लगी और कभी पीजी तो कभी शेयरिंग फ्लैट में रहने लगी. उधर, अभिषेक भी सॉल्ट लेक सिटी से एमबीए के बाद दिल्ली आने की प्लैनिंग कर रहा था. अभिषेक का मन अयोशना के बगैर लगता नहीं था इसलिए उसे जल्द से जल्द दिल्ली पहुंचना था.दिल्ली में शुरू हुई लिव-इन रिलेशनशिप
डिग्री होते ही अभिषेक ने जॉब तलाशा और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में एक शुरुआती नौकरी करने के सिलसिले में दिल्ली चला आया. अयोशना के साथ मुलाकात करने के बाद दोनों ने लिव-इन रिलेशनशिप में रहना तय कर लिया. इसी साल जून में दिल्ली की छतरपुर लोकेलिटी में किराए के एक मकान में दोनों साथ रहने लगे थे. दोनों के परिवार बंगाल में ही थे इसलिए लिव-इन का विकल्प था.
लिव-इन में रहने के बाद दोनों के बीच मुश्किलें पेश आना शुरू हुईं. अभिषेक को यह तो पता था कि अयोशना का एक एक्स प्रेमी था लेकिन अब उसे पता चला कि अयोशना उससे ब्रेक-अप होने और अभिषेक के साथ लिव-इन में आने के बावजूद उस पुराने आशिक से फिर चैटिंग और मुलाकातें कर रही थी. उसने अयोशना को ऐसा करने से मना करते हुए बातचीत की लेकिन अयोशना ने बात टाल दी.
अभिषेक ने नज़र रखी और उसे बार बार पता चलता रहा कि अयोशना एक्स प्रेमी से कॉंटैक्ट बनाए हुए थी. एक दिन बहस ज़्यादा बढ़ गई और अभिषेक ने नाराज़गी ज़ाहिर की. तब दोनों के बीच मनमुटाव इसलिए भी गहरा हुआ क्योंकि अयोशना ने तीखी बातें कर दीं.
अयोशना : साथ रहने का मतलब ये नहीं है कि तुम ज़रूरत से ज़्यादा दख़लंदाज़ी करो. हम रूममेट्स हैं, बस इससे ज़्यादा मैंने तुम्हें कोई हक़ नहीं दिया है. बीवी समझकर मुझे अपने कंट्रोल में रखने की कोशिश मत करो अभिषेक.
अभिषेक : तुम कह रही हो कि हमारे बीच प्यार का कोई रिश्ता नहीं है. मैं इतने सालों से तुम्हारे लिए पागल हूं, सिर्फ तुम्हारे लिए यहां आया हूं और तुम…
अयोशना : ओह शट अप अभिषेक. ये टीनेजर लव बर्ड्स जैसी बकवास मत करो. हम समझ रहे हैं एक दूसरे को. खैर, जो भी है, मेरा अपना स्पेस है और मेरी आज़ादी में तुम्हें अपनी टांग अड़ाने की ज़रूरत नहीं है. दैट्स आॅल.
दुर्गा पूजा से पहले कोलकाता का सफर फिर वापसी
अभिषेक का दिल टूट चुका था. जिसके लिए बरसों से दीवाना था, उसे उसकी कोई कद्र ही नहीं थी. शराब पीते हुए अभिषेक ने बहुत कुछ सोचा और फिर तय किया कि वह एक मौका अयोशना को और देगा क्योंकि हो सकता है कि उसने गुस्से में ये सब कह दिया हो. लेकिन, फिर अभिषेक ने अयोशना को उस पुराने आशिक के साथ एक दिन ऐसी हालत में देख लिया कि उसे यकीन हो गया कि अयोशना एक साथ दोनों से धोखा कर रही थी.
उसने इस बारे में कुछ रुककर अयोशना से इस तरह बात करना चाही कि किसी नतीजे पर पहुंच सके लेकिन फिर बात का बतंगड़ बना और दोनों झगड़ पड़े. फिर अयोशना ने उसे ताने दिए और अपने रस्ते चलने को कहकर चली गई. अब अभिषेक के लिए उसकी मोहब्बत सिवाय दुख के कुछ नहीं थी. कुछ ही दिनों में दुर्गा पूजा से पहले अभिषेक अपने घर कोलकाता चला गया. इधर, कुछ ही दिन जब अभिषेक नहीं लौटा तो अयोशना ने अपनी एक सहेली को साथ रहने के लिए बुला लिया.
पुराने दोस्तों से नहीं मिला, बल्कि मिला भी तो उदास रहते हुए. किसी को कुछ नहीं बताया और अकेले वक्त बिताते हुए उसने खुद को नशे में गुम कर लिया. कुछ पढ़ता रहा और कुछ क्राइम थ्रिलर फिल्में देखता रहा. उसने घर पर यही बताया कि वह दिल्ली छोड़कर आ गया है और अगले जॉब तक वहीं रहेगा. बीते 24 नवंबर को एक इम्तिहान देने के लिए वह कोलकाता से बाहर जाने की बात घर पर बताकर अभिषेक दिल्ली लौटा.
‘अरे अभिषेक, ऐतो दीन कोथाय छिले? घर गया था क्या?’
काफी दिनों से वहां नहीं दिख रहे अभिषेक को जब मकान मालकिन ने फ्लैट के इर्द गिर्द देखा तो उससे पूछा. लेकिन अभिषेक कतराते हुए वहां से चला गया. थोड़ी देर बाद बीते 26 नवंबर की दोपहर के करीब अभिषेक फिर उस फ्लैट पर पहुंचा और नज़र बचाते हुए अंदर चला गया लेकिन अपने घर से मकान मालकिन ने अभिषेक को देख लिया था.

शाम के वक्त अयोशना फोन नहीं उठा रही थी तो उसकी मां ने रूममेट सहेली को फोन किया. सहेली ने मकान मालकिन को फोन किया कि अयोशना घर पर है तो उसे फोन उठाने को कहें. मकान मालकिन फ्लैट पर गई तो दरवाज़ा किसी ने नहीं खोला. मकान मालकिन ने अयोशना की सहेली को ये भी बताया कि कुछ ही घंटे पहले उसने अभिषेक को फ्लैट में जाते देखा था.
दो पन्नों के आखिर में लिखा ‘मर्डर, सुसाइड’
अयोशना की सहेली फौरन फ्लैट पर पहुंची और दरवाज़ा बार बार खटखटाने के बावजूद न खुलने पर उसने पुलिस को फोन कर दिया. पुलिस ने दरवाज़ा तोड़ा तो वहां मौजूद सबके पैरों तले से ज़मीन खिसक गई. अयोशना की खून से लथपथ लाश कमरे में पड़ी थी और अभिषेक पंखे पर फांसी के फंदे से झूल रहा था. फ्लैट से एक डायरी में दो पन्नों का अभिषेक का लिखा नोट मिला और फर्श पर भी बहुत कुछ लिखा मिला.
अयोशना को सबक सिखाने के लिए ही अभिषेक इरादा करके आया था. उसके पास एक धारदार चाकू था. जैसे ही अभिषेक फ्लैट में दाखिल हुआ था, पेंटिंग कर रही अयोशना ने उसे चले जाने के लिए कहा लेकिन अभिषेक ने उससे बात करने की कोशिश की थी.
अभिषेक : तुम एक बार कह दो कि तुमसे गलती हो गई. मैं सच में तुम्हें माफ कर दूंगा.
अयोशना : तुम बिल्कुल पागल हो अभिषेक. कितने चिपकू हो. तुम्हें समझ नहीं आता कि मुझे तुमसे कोई मतलब नहीं है. गेट आउट.
इसके बाद अभिषेक ने इस दुत्कार का जवाब देते हुए अयोशना पर पहला हमला किया. अयोशना ने बचने और लड़ने की कोशिश की लेकिन चाकू के हमले से वह घायल हो गई. अभिषेक ने उसे काबू करते हुए चिल्लाने नहीं दिया और उसका गला काट डाला. कुछ ही पलों में अयोशना तड़प-तड़पकर मर गई. उसकी लाश लिये अभिषेक कुछ देर बैठा बड़बड़ाता रहा.

‘सॉरी बोल देती तो क्या बिगड़ जाता तेरा? सब खत्म कर दिया तूने. अब कुछ नहीं बचा…’
पेंटिंग के रंगों के डिब्बे गिर पड़े थे. अभिषेक ने लाल और काले रंगों के पेंट से फर्श पर बैठे बैठे कुछ कुछ लिखा. अमेरिकन सीरियल किलर्स चार्ल्स मेंसन और एलबर्ट फिश के नाम के साथ ही उसने थ्रिलर फिल्म ब्लड थर्स्ट का नाम भी लिखा. ये भी लिखा कि अयोशना को कोई ‘पछतावा नहीं था’ और ‘जीना दर्दनाक हो गया’. इसके बाद अभिषेक ने एक डायरी के दो पन्नों में अपने और अयोशना के रिश्ते के बारे में लिखते हुए कबूलनामा लिखा कि कत्ल उसी ने किया. इस नोट के आखिर में लिखा – ‘मर्डर, सुसाइड’.
(सच्ची घटनाओं पर आधारित लव सेक्स और धोखे की इस कहानी में किरदार वास्तविक हैं, उनके नाम भी.)
ये भी पढ़ें
रूम खोला तो सिगरेट की बू थी और बिस्तर पर पड़ी थी दोस्त की लाश
‘किसी औरत पर तो गोली चला देता, लेकिन मासूम बच्चों की मां को कैसे मारता?’
‘अपाहिज’ बेटी ने ज़ालिम मां की जान लेकर कहा ‘और कोई रास्ता न था’!
PHOTO GALLERY : किचन में रखी मिक्सी में मिला एक दांत और खुला कत्ल का राज़
Article source: https://hindi.news18.com/news/nation/here-what-pm-modi-replied-to-asha-bhosle-and-rishi-kapoor-after-china-visit-1359921.html
No comments:
Post a Comment