Friday, 30 November 2018

मुस्लिमों को आरक्षण के बारे में पूछने पर भड़के KCR, कहा- तेरे बाप को बोलूंगा ना


READ MORE

कांग्रेस और बीजेपी के धुआंधार प्रचार अभियान और अल्पसंख्यक समाज की नाराजगी से तेलंगाना के कार्यकारी मुख्‍यमंत्री के चंद्रशेखर राव अपना संतुलन खोने लगे हैं. मुसलमानों को 12 फीसदी आरक्षण के वादे के बारे में पूछने पर वे बिफर जा रहे हैं. तेलंगाना के काग़ज़नगर में केसीआर की एक जनसभा में जब एक अल्पसंख्यक समाज के वोटर ने खड़े होकर मुसलमानों को 12 प्रतिशत आरक्षण देने के वादे की याद दिलाई तो वे उस मतदाता के बाप तक पहुंच गए.केसीआर ने मंच से कहा, ‘बैठो, तेरे बाप को बोलूंगा, बैठो.’ मतदाता के सवाल पूछने पर वे अपना आपा खो चुके थे. उन्होंने गुस्से में उस मतदाता को आठ बार चुपचाप बैठने को कहा, लेकिन मतदाता अपने सवाल का जवाब चाहता था. केसीआर ने कहा, ‘बात करते हैं, बैठो खामोश बैठो. वही 12 प्रतिशत ही बोल रहे हैं, ख़ामोश बैठो. बैठ जाओ. 12 प्रतिशत के बारे में पूछ रहा है. बैठो, खामोश बैठो. बोल रहा हूं, बैठो. बैठो न, तुम्हारे बाप को बोलूंगा, क्या बात है. तमाशा कर रहे.’


इसके बाद मतदाता को बैठा दिया गया. बाद में केसीआर ने कहा कि हो सकता है किसी विपक्षी दल ने सवाल करने वाले शख्स को भिजवाया हो. इससे पहले आदिलाबाद में एक जनसभा में उन्‍होंने कहा कि ये बहुत दुर्भाग्य की बात है कि हमारे देश के मतदाताओं को सही उम्मीदवार चुनने की पर्याप्त समझ नहीं है.



केसीआर ने अपनी जनसभाओं को प्रजा आशीर्वाद सभा नाम दिया है और आदिलाबाद में ऐसी ही सभा के दौरान जनता की समझदारी और अक्ल पर सवाल खड़े कर दिए. उन्होंने कहा, ‘भारत में मतदाता उतने समझदार नहीं हैं कि सही उम्मीदवार का चुनाव कर सकें. वे बिना सोचे-समझे वोट डालते हैं और गलत उम्मीदवार को चुन लेते हैं.’


चुनाव के मौके पर केसीआर के इस तरह के बयानों को उनके विरोधी खूब इस्तेमाल कर रहे हैं. पिछले दिनों एक जनसभा में उन्‍होंने मंच से कहा कि अगर तेलंगाना की जनता उनको हरा देती है, तो वो अपने घर जाकर आराम से सो जाएंगे, बाकी बाद में जनता को खुद समझ आ जाएगा. उनके इस बयान को उनके पहली बार हार स्वीकार करने वाले बयान के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि बाद में टीआरएस के नेताओं ने सफाई दी कि इसको हार स्वीकार करने वाले बयान की तरह नहीं लेना चाहिए और केसीआर ऐसा कहकर सिर्फ जनता को ताकीद दे रहे थे.


राहुल गांधी अब केसीआर के हारने पर घर जाकर सो जाने वाले बयान का भी खूब इस्तेमाल कर रहे हैं. तेलंगाना के परगी विधानसभा में जनसभा में राहुल गांधी ने कहा, ‘तेलंगाना की जनता बहुत खुश होगी, अगर केसीआर अपने फार्महाउस में जाकर सो जाते हैं. अभी वे 300 करोड़ खर्च कर बनाये गए आलीशान सीएम हाउस में आराम करते रहे हैं. अब जनता उनको आराम करवाएगी. KCR अब आराम करें और कांग्रेस तेलंगाना के ख्याल रख लेगी.’


Article source: http://feedproxy.google.com/~r/Khabar-Cricket/~3/TNQF2d1xGHk/story01.htm

No comments:

Post a Comment