Monday, 27 November 2017

राज ठाकरे का आदेश- मार खाओ नहीं, पीटो


READ MORE

मुंबई के विक्रोली इलाके में तनावपूर्ण शांति है. लेकिन रविवार रात इस इलाके में जो कुछ हुआ वो तूफान के पहले की शांति कही जा रही है क्योंकि बीती रात यहां राज ठाकरे की पार्टी एमएनएस कार्यकर्ताओं ने स्थानीय दुकानदारों को मराठी में दुकानों के साइन बोर्ड लगाने की हिदायत दी. जब दुकानदारों ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई और फिर मारपीट. कुछ देर बाद ये मामला शांत हो गया.स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात करीब 11 बजे बड़ी संख्या में एमएनएस के कार्यकर्ता यहां फिर लौटे और फेरीवालों और दुकानदारों के साथ जमकर मारपीट की और दुकानों में तोड़फोड़ की. फेरीवालों ने भी जमकर एमएनएस के कार्यकर्ताओं की पिटाई कर दी.


इस हमले में एमएनएस के 5 कार्यकर्ता गंभीर रूप से ज़ख्मी हो गए. इनमें से एक ही हालत बेहद गंभीर है. अपने कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की घटना के बाद राज ठाकरे आगबबूला हैं. उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर फेरीवालों के खिलाफ आंदोलन को और उग्र करने का आदेश दे दिया. साथ ही बिना किसी तैयारी के विक्रोली में आंदोलन करने गए अपनी पार्टी के नेताओं को भी राज ने खरी-खोटी सुनाई. राज ने कहा कि आखिर बिना योजना और पूरी तैयारी के आप कैसे आंदोलन कर सकते हैं.


दूसरी और कांग्रेस फेरीवालों के समर्थन में आ गई है. संजय निरुपम ने ट्वीट कर कहा कि कल फिर अमअनएस के गुंडे विक्रोली में पिटे. हम हिंसा में विश्वास नहीं करते. मगर ग़रीब फेरीवालों के पेट पर जब एमएनएस के गुंडे आए दिन लात मारेंगे और वह भी पुलिसवालों के सामने तो रिएक्शन होगा. इसलिए एमएनएस गुंडागर्दी छोड़ दे.




वहीं पुलिस ने इस मामले में दंगा करने वाले 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार किये गये आरोपियों में 1 एमएनएस कार्यकर्ता है तो अन्य 2 फेरीवाले हैं. डीसीपी अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि हमने दंगा करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.


गौरतलब है कि अब तक सिर्फ राज ठाकरे के कार्यकर्ता फेरीवालों की पिटाई करते थे और पीड़ित फेरीवाले चुप रहते थे, लेकिन ये दूसरा ऐसा मौका है जब फेरीवालों ने पलटवार किया है. ऐसे में आने वाले दिनों में एमएनएस वर्सेस फेरीवालों के बीच नये सिरे से संघर्ष शुरू होने की आशंका जताई जा रही है. इसी आशंका के मद्देनजर पुलिस को अलर्ट रहने के आदेश दे दिये गए हैं.


ये भी पढ़ें-
मुंबई: राज ठाकरे के खिलाफ उतरे फेरीवाले, MNS कार्यकर्ताओं को जमकर पीटा
फेरीवालों का मामला पहुंचा हाईकोर्ट, सरकार की तय जगह पर ही लगा सकते हैं दुकान


 

No comments:

Post a Comment