Monday, 30 July 2018

कपिल देव के 4 छक्कों ने बचाई थी टीम इंडिया की 'इज्जत', हर अंग्रेज कर रहा था सलाम!


READ MORE

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान कपिल देव एक महान कप्तान के साथ-साथ जबर्दस्त ऑलराउंडर भी थे. कपिल ने अपनी गेंदबाजी ही नहीं बल्कि बल्लेबाजी से भी टीम इंडिया को कई मैच जिताए थे. कपिल देव अपने लंबे हिट्स और आतिशी पारियों के लिए जाने जाते हैं. आज से ठीक 28 साल पहले 30 जुलाई 1990 को भी कपिल देव ने एक ऐसी ही ताबड़तोड़ पारी खेली थी जिसने हिंदुस्तान का ही नहीं बल्कि ब्रिटिश फैंस का भी दिल जीत लिया था.4 गेंद में 4 छक्कों ने बचाया था फॉलोऑन


कपिल ने अपनी आतिशी पारी से लॉर्ड्स के मैदान पर टीम इंडिया का फॉलोऑन बचाया था. उस मैच में इंग्लैंड ने ग्राहम गूच की 333 रन की जोरदार पारी की बदौलत अपनी पहली पारी में 653/4 का बड़ा स्कोर खड़ा किया, इसके जवाब में भारत ने मोहम्मद अजहरुद्दीन (121) और रवि शास्त्री (100) के शतकों की बदौलत मुकाबला करने की कोशिश की लेकिन बाकी के बल्लेबाजों के नहीं चल पाने की वजह से एक समय भारत का स्कोर 9 विकेट पर 430 रन हो गया और उसे फॉलो ऑन बचाने के लिए 24 रन की जरूरत थी.


आखिर में क्रीज पर कपिल देव और स्पिन गेंदबाज नरेंद्र हिरवानी मौजूद थे. भारत के लिए फॉलोऑन बचाना लगभग नामुमकिन दिख रहा था क्योंकि हिरवानी बल्लेबाजी नहीं कर पाते थे. लेकिन कपिल देव ने इस मुश्किल काम को संभव कर दिखाया और उन्होंने एडी हैमिंग्स के एक ही ओवर में लगातार चार गेंदों पर चार छक्के जड़ते हुए भारत को फॉलो ऑन से बचा लिया. कपिल ने हैमिंग्स के ओवर की पहली दो गेंदों को आराम से खेला लेकिन अगली चार गेंदों पर उन्होंने सीधे उनके सिर के ऊपर से 4 छक्के टांग दिए. कपिल के इस आतिशी अंदाज को देख लॉर्ड्स का हर दर्शक कपिल का फैन हो गया.


कपिल देव के ये 4 छक्के इसलिए भी अहम थे क्योंकि अगली ही गेंद पर फ्रेजर ने नरेंद्र हिरवानी को एलबीडब्ल्यू आउट करके 454 के स्कोर पर ही भारतीय पारी का अंत कर दिया. कपिल देव 75 गेंदों पर 8 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 77 रन बनाकर आखिर तक नाबाद रहे.

No comments:

Post a Comment