
READ MORE
कावेरी अस्पताल के कार्यकारी निदेशक ने मंगलवार को मेडिकल बुलेटिन में कहा कि डीएमके अध्यक्ष एम करुणानिधि को अपने स्वास्थ्य में आई गिरावट का इलाज कराने के लिए काफी वक्त तक अस्पताल में भर्ती रहना होगा.ब्लड प्रेशर में गिरावट की वजह से करुणानिधि को शुक्रवार रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पिछले चार दिनों से आईसीयू में उनका इलाज चल रहा है.
मेडिकल बुलेटिन में कहा गया कि करुणानिधि ने मेडिकल मैनेजमेंट को अच्छी तरह जवाब दिया है और उनको अस्पताल में भर्ती कराने की वजह हल हो गई है. इसमें आगे कहा गया कि एक्टिव मेडिकल सपोर्ट की सहायता से उनके स्वास्थ्य में सुधार आता रहेगा.
हालांकि मेडिकल बुलेटिन में कहा गया है बुढ़ापा, लिवर फंक्शन और हिमोटोलॉजिकल पैरामीटर्स की वजह से उनके स्वास्थ्य में काफी गिरावट आई है जिसके लिए उन्हें ‘काफी वक्त’ तक अस्पताल में भर्ती रहना होगा.
बता दें कि करुणानिधि की तबियत बिगड़ने के बाद से उनके समर्थक अस्पताल के बाहर जमा हैं, वहीं विभिन्न पार्टियों के नेता उनके स्वास्थ्य का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं.
मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अस्पताल में करुणानिधि से मुलाकात की. करुणानिधि के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘मैं उनसे मिला, वह ठीक हैं, उनकी हालत स्थिर है. मैं यह देखकर खुश हूं कि उनकी सेहत में सुधार है. वह तमिलनाडु के लोगों की तरह ही बेहद दृढ़ हैं. उनके अंदर तमिलनाडु की भावना है.’’
इससे पहले दिन में स्वास्थ्य मंत्री सी विजयभास्कर ने कावेरी अस्पताल के अपने दौरे को याद करते हुए कहा कि करुणानिधि की हालत स्थिर है और वह बिना किसी सहायता के सांस ले रहे हैं.
करुणानिधि की बेटी एवं राज्यसभा सासंद कनिमोझी सहित उनके परिवार के सभी सदस्य अस्पताल में मौजूद हैं.
Article source: http://feedproxy.google.com/~r/Khabar-Cricket/~3/5CEMCdTE5Sk/story01.htm
No comments:
Post a Comment