Monday, 30 July 2018

अंधविश्वास में फंसी कर्नाटक सरकार, जनता हो रही बेहाल


READ MORE

पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा का परिवार ज्योतिष, वास्तु, ग्रहों की चाल और शुभ मुहूर्त को बहुत सख्ती से मानता है और और पिछले कुछ सालों में यह परिवार कई बार अपने काम ज्योतिष के अनुसार करने के लिए चर्चा में आया है. जुलाई के पूरे महीने राज्य में कोई कैबिनेट मीटिंग नहीं हुई और महत्वपूर्ण फैसले टाले गए.इसका कारण है आषाढ़ माह, जिसे कोई भी अच्छा काम शुरू करने के लिए अशुभ माना जाता है. देवगौड़ा के परिवार से जुड़े लोगों के अनुसार एचडी देवगौड़ा ने अपने बेटे और राज्य के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी को सलाह दी है कि वे इस आषाढ़ माह में किसी भी शुभ काम की शुरुआत न करें और सभी कैबिनेट मीटिंग स्थगित कर दें. आषाढ़ माह 12 अगस्त को समाप्त हो रहा है.


कुमारस्वामी जब से राज्य के मुख्यमंत्री बने हैं तब से राज्य के लगभग 70 प्रतिशत इलाकों में रिकॉर्ड वर्षा हुई और दशकों बाद ऐसा हुआ है कि राज्य के छोटे बड़े बांध उनके अधिकतम जलस्तर तक भर चुके हैं. भारी बारिश के कारण राज्य में जनजीवन अस्त व्यस्त है और तटीय इलाकों में लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है, लेकिन इन सभी समस्याओं पर राज्य सरकार ने अभी तक कोई कैबिनेट बैठक नहीं बुलाई है जिससे जनता को राहत दी जा सके.


इस गठबंधन सरकार में सबसे बड़ी सहयोगी बड़ी पार्टी कांग्रेस ने सरकार गठन के समय प्रति सप्ताह कैबिनेट मीटिंग करने की बात कही थी, लेकिन गौड़ा परिवार के ज्योतिष में विश्वास के कारण ऐसा संभव नहीं हो पा रहा है.कांग्रेस पार्टी से एक कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उपमुख्यमंत्री डॉक्टर जी परमेश्वरम और राज्य के मुख्य सचिव टीएम विजय भास्कर ने मुख्यमंत्री कुमार स्वामी से हर सप्ताह कैबिनेट मीटिंग आयोजित करने को कहा है, लेकिन मुख्यमंत्री इसके लिए राज़ी नहीं हैं. उन्होंने कहा कि हम जानते हैं कि आषाढ़ माह इसकी असली वजह है लेकिन ज्योतिष में उनके विश्वास का प्रभाव सरकार के कामकाज पर नहीं पड़ना चाहिए. यह सही नहीं और वे गलत उदहारण प्रस्तुत कर रहे हैं.


दूसरी ओर इस मामले पर देवगौड़ा का कहना है कि उनका ज्योतिष पर यह विश्वास उनके परिवार और पार्टी के लिए बहुत शुभ साबित हुआ है. चंद्रग्रहण के समय मुख्यमंत्री कुमारस्वामी सहित पूरा देवगौड़ा परिवार ग्रहण के बुरे असर से बचने के लिए मंदिरों के चक्कर लगाने में और घर पर हवन करवाने में व्यस्त रहा. मुख्यमंत्री के बड़े भाई और राज्य के लोक निर्माण मंत्री एचडी रेवन्ना भी धार्मिक रीति रिवाजों को मानते हैं. गौड़ा परिवार आए दिन कोई न कोई धार्मिक आयोजन, हवन आदि करते रहता है.


Article source: http://khabar.ibnlive.com/news/desh/pakistan-nawaj-sharif-hurriyat-conference-saiyad-ali-shah-gilani-416130.html

No comments:

Post a Comment