Monday, 30 July 2018

अक्षय कुमार को अपनी बायोपिक बनाना लगता है बेवकूफ़ी भरा काम


READ MORE

बॉलीवुड में इन दिनों बायोपिक फिल्मों का चलन चल पड़ा है. हाल ही में संजय दत्त की बायोपिक के हिट होने के बाद इस फॉर्मूले को बॉलीवुड में ज्यादा से ज्यादा लोग भुनाना चाहते हैं. अभिनेता अक्षय कुमार खुद भी एक बायोपिक ‘गोल्ड’ का हिस्सा बनने वाले हैं और इससे पहले वो अरुनाचलम मुरुगनाथन की बायोपिक ‘पैडमैन’ में काम कर चुके हैं.लेकिन अपनी बायोपिक बनाना उन्हें बेवकूफी भरा लगता है. पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में अक्षय ने कहा,”मैं अपने उपर तो बायोपिक कभी नहीं बनाऊंगा और न ही कभी खुद पर किताब लिखूंगा.”


हाल ही में संजय दत्त की ज़िंदगी पर आधारित फिल्म ‘संजू’ ने भले ही बॉक्स ऑफिस पर जमकर कमाई की हो लेकिन इस फिल्म की आलोचना भी हुई. आलोचकों के अनुसार इस फिल्म में संजय दत्त की छवि को सुधारने की कोशिश की गई है और कई तथ्यों को तोड़ मरोड़कर पेश किया गया है.


अक्षय कुमार अपने जीवन पर ऐसी किसी भी फिल्म की महत्वतकांक्षा नहीं रखते हैं,”इस दुनिया में कई कहानियां है जिन्हें बनाया जा सकता है और जिन्हे लोग देखना चाहेंगे. रियल लाइफ में इतने हीरो हैं कि रील लाइफ के हीरो की ज़रुरत ही नहीं है. मैं बेवकूफ़ी करुंगा अगर मैं अपनी ज़िंदगी पर फिल्म बनाता हूं. ये एक सतही बात है अगर मैं अपनी ही बायोपिक बनाता हूं.”इन दिनों अक्षय की गोल्ड के अलावा, कंगना की मणिकर्णिका, ऋतिक की सुपर 30 और ओलिंपिक खिलाड़ी अभिनव बिंद्रा की बायोपिक रिलीज़ के लिए तैयार हैं और इन फिल्मों के निर्माताओं को अपनी फिल्मों की कमाई का पूरा भरोसा है क्योंकि लोग बायोपिक के कंटेट को पसंद कर रहे हैं. हाल ही में संजू और सूरमा की कमाई इस बात को साबित करती है. लेकिन क्या बायोपिक्स की अति नहीं हो रही?


अक्षय कहते हैं,”देखिए बॉलीवुड में हर वो चीज़ ट्राई की जाती है जिसमें मुनाफा हो. कॉमेडी चलती है तो लोग कॉमेडी फिल्म बनाने लगते हैं, देशभक्ति चलती है तो लोग देशभक्ति वाली फिल्में बनाते हैं और इन दिनों बायोपिक का ज़ोर है तो वो तो बनेंगी ही.”


अक्षय की अगली रिलीज़ ‘गोल्ड’ हॉकी खिलाड़ी और कोच तपन दास के ज़ीवन पर आधारित है जो आज़ाद भारत को पहला ओलिंपिक गोल्ड मेडल जिताना चाहते हैं. 15 अगस्त को यह फिल्म रिलीज़ होगी.

No comments:

Post a Comment