
READ MORE
दिल्ली में दिल दहला देने वाले हत्याकांड में 11 लोगों की मौत हुई है. बुजुर्ग से लेकर बच्चे तक इस हत्याकांड में मौत के मुंह में समा गए. लेकिन एक नाम न केवल पड़ोसियों बल्कि रिश्तेदारो की जुबान से भी नीचे नहीं उतर रहा है. वह नाम है प्रियंका. भाटिया परिवार की पोती 32 साल की प्रियंका. जो इस भीषण हत्याकांड में मुंह पर पट्टी बांधे, फांसी पर लटकी मिली है.पड़ोसियों से लेकर रिश्तेदार तक सिर्फ एक ही बात कह रहे हैं कि बहुत बुरा हुआ. अभी तो प्रियंका के हाथों से सगाई की मेहंदी भी नहीं छूटी थी. पिछले महीने ही 17 जून को प्रियंका की सगाई हुई थी. वह बहुत खुश थी. दिसंबर में उसकी शादी होने वाली थी. पूरा परिवार प्रियंका की शादी को लेकर उत्साहित था. वो भी अभी से तैयारियों में लगी थी लेकिन विधाता ने ऐसा कर दिया.
बुराड़ी घटनास्थल पर पहुंचे प्रियंका के होने वाले पति और सास-ससुर भी अपने आंसू नहीं रोक पाए. प्रियंका के मंगेतर ने कहा कि सगाई हुई थी. प्रियंका बहुत अच्छी थी. पूरा परिवार बेहद संजीदा था. जीवन शुरू करने के सपने ही देख रहे थे कि सब खत्म हो गया. बुराड़ी तो पहुंच गए लेकिन घर के अंदर का हाल ऐसा था कि रूह कांप रही थी. हर तरफ लाशें ही थीं. कुछ समझ नहीं आ रहा कि ऐसा कैसे हुआ. सब उजड़ गया.

बुराड़ी हत्याकांड
वहीं प्रियंका के राखी भाई प्रवीण मित्तल बताते हैं कि बुजुर्ग महिला मिसेज भाटिया की बेटी प्रियंका के जन्म के दो साल बाद ही विधवा हो गई थीं. तब से उनकी बेटी राजस्थान छोड़कर यहीं उनके पास आकर रहने लगी. वे बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने लगीं. जबकि प्रियंका ने यहीं पढ़ाई की और फिर एमबीए कर लिया. काफी होनहार प्रियंका नोएडा की एक कंपनी में जॉब भी करने लगी. प्रियंका प्रवीण मित्तल को बचपन से ही राखी बांधती थी और भाई मानते हुए हर बात शेयर भी करती थी. उसने खुद ही बताया था कि सब ठीक चल रहा है.
फिर उसके मामा ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर एक लड़का पसंद किया जो सबको पसंद आया. प्रियंका की शादी तय हो गई. प्रियंका भी काफी खुश थी. 17 जून को अशोक विहार में दोनों की सगाई हुई थी.पड़ोसी और रिश्तेदार भी आए थे. बहुत दिन के बाद घर में खुशी आई थी. सब अच्छा था. प्रवीण कहते हैं कि प्रियंका उनकी एनिवर्सरी पर एक दिन पहले नहीं आ पाई थी तो कल रात अपनी दोनों मामियों और बच्चों को लेकर उनके घर आई. प्रवीण और उनकी पत्नी के लिए गिफ्ट भी लाई. काफी अच्छे से बात की. फिर रात को साढ़े 8 बजे करीब अपने घर लौटी.

मामले की जांच में जुटी है पुलिस
प्रवीण बताते हैं कि कल रात ही प्रियंका और उसकी मामियों ने बताया भी था कि घर में सब ठीक चल रहा है. प्रियंका भी बहुत खुश दिख रही थी. उसने बताया कि दिसंबर में शादी होने वाली है. बस तारीख निकलवा रहे हैं. लेकिन क्या पता था कि एेसा हो जाएगा. सब खत्म हो गया.
वहीं पड़ोसी और प्रियंका के टीचर जितेंद्र बताते हैं कि कुछ दिन पहले ही उनसे भी प्रियंका मिली थी. बहुत खुश थी. पूरा परिवार ही बहुत सज्जन था. इस घटना ने पूरी तरह झकझोर के रख दिया है. घर में कोई आर्थिक समस्या भी नहीं थी. पिछले साल मई से ऊपर कमरे बनाए जा रहे थे. दोनों भाइयों का बिजनेस भी अच्छा था. सब ठीक थे. घर में सभी एक साथ बैठकर पूजा करते थे. उन्होंने भी आजतक कभी झगड़े के बारे में भी नहीं सुना. ये मौतें सचमुच रहस्य बन गई. अभी तक यकीन नहीं हो रहा, ऐसा कैसे हो सकता है.
Article source: http://www.jagran.com/rajasthan/jaipur-14188475.html
No comments:
Post a Comment