Monday, 29 October 2018

तेलंगाना: वोटर्स को लुभाने के लिए नए उपाय अपनाते नेताजी, कोई कर रहा हजामत, कोई करा रहा स्नान


READ MORE

तेलंगाना में वोटर्स को लुभाने के लिए नेता कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे. वोटर्स को अपने पाले में करने के लिए पैसे और शराब बांटने की खबरें तो बहुत आती रही हैं, लेकिन तेलंगाना में इस बार अलग ही नज़ारा देखने को मिल रहा है. यहां कोई उम्मीदवार मुफ्त में वोटर्स के बाल काट रहा है तो कोई उन्हें स्नान करा रहा है.दरअसल तेलंगाना की भूपालपल्ली विधानसभा क्षेत्र से ऐसी ही एक दिलचस्प तस्वीर सामने आई, जहां टीआरएस उम्मीदवार मधुसूदन चारी एक हेयर कटिंग सलून में जा पहुंचे और लोगों की हजामत बनाने लगे.


ये भी पढ़ें- तेलंगाना में TRS vs अन्य ने बदला राजनीतिक समीकरण, KCR की बढ़ी मुश्किल


मधुसूदन तेलंगाना विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष हैं और टीआरएस ने उन्हें भूपालपल्ली सीट से खड़ा किया है. सोमवार को वह अपने क्षेत्र में चुनाव प्रचार के लिए निकले थे. इसी दौरान वह एक हेयर कटिंग सलून में जा पहुंचे, जहां एक शख्स दाढ़ी बनवा रहा था. पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने ऐसे में खुद उस्तरा संभाल लिया और उसकी दाढ़ी बनाने लगे. वहीं हजामत बनाने के बाद जाते-जाते वह उस वोटर्स को कहते गए कि ‘भइया मुझे वोट जरूर देना, मैं तुम्हारी सेवा कर रहा हूं.’कुछ ऐसा ही नज़ारा नालगोंडा जिले के तुंगातुर्ती इलाके में भी देखने को मिला. टीआरएस ने यहां गदारी किशोर को अपना उम्मीदवार बनाया है. चुनाव सिर पर आया देख किशोर अब वोट बटोरने के लिए हर काम करने को तैयार दिख रहे हैं. अपनी पदयात्रा के दौरान वह भी एक सलून के अंदर घुस गए और वहां बाल कटवाने बैठे लोगों की खुद ही कटिंग करने लगे.


ये भी पढ़ें- तेलंगाना में साउथ के सुपरस्टार पवन कल्याण से गठबंधन करेंगी मायावती!


इसके अलावा एक और दिलचस्प तस्वीर येल्लांडू विधानसभा सीट से देखने को मिली. यहां टीआरएस के उम्मीदवार कोरम कनकइया चुनाव प्रचार के दौरान एक घर के पास पहुंचे, जहां एक शख्स घर के बाहर खुले में नहा रहा था. ऐसे में कनकइया खुद बाल्टी से पानी लेकर उसे नहलाने लगे.


ये भी पढ़ें- 2019 में राहुल गांधी के लिए कोई भी बन सकता है ‘मनमोहन सिंह’


बता दें कि तेलंगाना में 7 दिसंबर को विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे. इस बीच वोटर्स के बीच पैसे बांटने के भी कई वीडियो वायरल हुए हैं. हालांकि वोटर्स को लुभाने की कोशिश में जुटे नेताओं की ये तस्वीर लोगों का खूब ध्यान खींच रही हैं.

No comments:

Post a Comment