Thursday, 4 October 2018

LIVE IND vs WI: शतक के करीब कोहली, भारत 400 रन के पार


READ MORE
 भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट संघ स्टेडियम में खेला जा रहा है. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 89 ओवर में 4 विकेट गंवा कर 364 रन बना लिए हैं. ऋषभ पंत (17 रन) और विराट कोहली (72 रन) क्रीज पर हैं.

पृथ्वी शॉ पदार्पण टेस्ट में शतक जड़ने वाले सबसे युवा भारतीय और चौथे सबसे युवा खिलाड़ी बने जिससे भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत कर ली. पृथ्वी ने 99 गेंद में शतक पूरा किया. उन्होंने 154 गेंद में 19 चौकों की मदद से 134 रन बनाए.


चेतेश्वर पुजारा (86) और कप्तान विराट कोहली (नाबाद 72) ने भी अर्धशतक जड़े. पृथ्वी और पुजारा ने दूसरे विकेट के लिए 206 रन जोड़कर भारत के लिए अच्छा मंच तैयार किया जिसके बाद कोहली और अजिंक्य रहाणे (41) ने चौथे विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी करके मेजबान टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.


LIVE स्कोरबोर्ड


डेब्यू में ही पृथ्वी ने ठोका शतक


पृथ्वी शॉ ने अपने डेब्यू टेस्ट मैच में ही शानदार शतक जड़ दिया है. वह डेब्यू टेस्ट में शतक लगाने वाले भारत के सबसे युवा बल्लेबाज हैं. पृथ्वी ने 99 गेंदों में अपना पहला टेस्ट शतक लगाया है. इसके अलावा पृथ्वी डेब्यू मैच में सबसे तेज शतक जड़ने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं. पृथ्वी शॉ से आगे उनके हमवतन शिखर धवन और वेस्टइंडीज के ड्वेन स्मिथ हैं.



टेस्ट डेब्यू में सबसे कम गेंदों पर शतक, पृथ्वी तीसरे स्थान पर


85 गेंद: शिखर धवन Vs ऑस्ट्रेलिया, मोहाली, 2013


93 गेंद: ड्वेन स्मिथ Vs साउथ अफ्रीका, केपटाउन, 2004


99 गेंद: पृथ्वी शॉ Vs वेस्टइंडीज, राजकोट, 2018



टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही और महज 3 रन के कुल स्कोर पर लोकेश राहुल पवेलियन लौट गए. उन्हें शेनॉन गैब्रिएल ने एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया. राहुल शून्य पर आउट हुए. पुजारा लुईस के ओवर में ऑफ साइड से बाहर की गेंद से छेड़छाड़ की कोशिश में विकेटकीपर शेन डॉउरिच को कैच दे बैठे और अपने घरेलू मैदान पर 16वां टेस्ट शतक जड़ने से चूक गए. पृथ्वी बिशू की गेंद पर इस लेग स्पिनर को वापस कैच दे बैठे. उन्होंने अपने आधे से अधिक रन बाउंड्री से बटोरे.


वेस्टइंडीज ने 80वें ओवर के बाद नई गेंद नहीं ली जिसका टीम को उस समय फायदा मिला जब चेज ने रहाणे को विकेटकीपर डॉउरिच के हाथों कैच करा दिया. रहाणे ने डीआरएस लिया लेकिन रीप्ले में दिखा कि गेंद उनके बल्ले के निचले हिस्से से टकराकर विकेटकीपर के दस्तानों में गई थी.


पृथ्वी शॉ का कमाल


63 साल में पहली बार टीम इंडिया को मिला सबसे कम उम्र का टेस्ट ओपनर


18 साल के पृथ्वी शॉ ने अपने डेब्यू टेस्ट मैच में ही शानदार अर्धशतक जड़ दिया है. वह डेब्यू टेस्ट में फिफ्टी लगाने वाले भारत के सबसे युवा बल्लेबाज हैं. पृथ्वी ने 56 गेंदों में अपना पहला टेस्ट अर्धशतक लगाया है.



पृथ्वी शॉ टेस्ट में डेब्यू करते हुए सबसे कम उम्र में अर्धशतक जमाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड अब्बास अली बेग के नाम था, जिन्होंने 1959 में 20 साल 131 दिनों की उम्र में इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट में अर्धशतक बनाया था.


पृथ्वी शॉ का डेब्यू


18 साल के पृथ्वी शॉ का यह डेब्यू मैच है. शॉ भारत की तरफ से टेस्ट कैप पहनने वाले 293वें खिलाडी हैं. शॉ 14 प्रथम श्रेणी मैच खेलने के बाद राष्ट्रीय टीम में आ रहे हैं. शॉ की कप्तानी में ही भारत ने इसी साल अंडर-19 विश्व कप का खिताब जीता था. शॉ ने पिछले साल इसी मैदान पर रणजी ट्रॉफी में पदार्पण किया था और शतक बनाया था. उन्हें इसी मैदान पर अंतरराष्ट्रीय  पदार्पण करने का मौका मिला है.


भारत ने टॉस जीतकर ली पहले बैटिंग


टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है और वेस्टइंडीज को गेंदबाजी दी है. इस सीरीज को आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे की तैयारी के तौर पर ही देखा जा रहा है. 


इस मैच में टीम इंडिया नए ओपनिंग कॉम्बिनेशन के साथ उतरी है. लोकेश राहुल के साथ पृथ्वी शॉ भारतीय पारी की शुरुआत करेंगे. 18 साल के पृथ्वी का यह डेब्यू मैच है. टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में अश्विन, जडेजा और कुलदीप के रूप में तीन स्पिनर शामिल हैं.


वेस्टइंडीज के नियमित कप्तान जेसन होल्डर टखने में चोट के कारण इस मैच में नहीं खेल रहे हैं. उनकी जगह क्रेग ब्रेथवेट टीम की कप्तानी कर रहे हैं. वेस्टइंडीज के लिए सुनील अंबरीश और शेरमन लुइस टेस्ट पदार्पण कर रहे है.


24 साल से भारत में नहीं जीत पाई वेस्टइंडीज की टीम


भारत के खिलाफ भारत में वेस्टइंडीज टीम को टेस्ट मैच जीते हुए 24 साल हो गए हैं. वेस्टइंडीज टीम ने आखिरी बार भारत में 1994 में जीत दर्ज की थी. उस समय टीम ने मोहाली में 243 रनों से जीतकर 1-1 से सीरीज बराबर की थी. उस समय टीम में ब्रायन लारा, कॉर्टनी वॉल्श, कार्ल हूपर और जिम्मी एडम्स जैसे दिग्गज टीम में शामिल थे.


उसके बाद से वेस्टइंडीज टीम ने भारत में 8 टेस्ट मैच खेले हैं. इसमें 6 मैचों में हार मिली है और दो मैच ड्रॉ रहे हैं. यह भारतीय सरजमीं पर किसी टीम का बिना कोई मैच जीते तीसरा सबसे ज्यादा लिया गया समय है. वेस्टइंडीज के अलावा न्यूजीलैंड और श्रीलंका दो ऐसी टीमें हैं जिसने भारतीय सरजमीं पर बिना टेस्ट मैच जीतने में ज्यादा समय लिया है. न्यूजीलैंड ने भारत में अपना आखिरी मैच 1988 और श्रीलंका ने 1982 में जीता था.


प्लेइंग इलेवन –


भारत : विराट कोहली (कप्तान), अंजिक्य रहाणे (उपकप्तान), केएल राहुल, पृथ्वी शॉ, चेतेश्वर पुजारा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, उमेश यादव.


वेस्टइंडीज: क्रैग ब्रेथवेट (कप्तान), कीरोन पॉवेल, शाई होप, शिमरोन हेटमेयर, रोस्टन चेस, सुनील अंबरीश, शेन डॉवरिच (विकेटकीपर), कीमो पॉल, देवेंद्र बिशू, शेरमन लुइस, शेनॉन गैब्रिएल.

No comments:

Post a Comment