READ MORE
कथित रूप से अल्फा (आई) द्वारा गोली मारकर हत्या किए गए लोगों के परिजनों से मिलने के लिए रविवार को तृणमूल कांग्रेस के नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल असम जाएगा. राज्यसभा में टीएमसी संसदीय दल के नेता डेरेक ओ ब्रायन के नेतृत्व में लोकसभा सांसद ममता बाला ठाकुर, राज्यसभा सांसद नदीमुल हक और विधायक महुआ मोइत्र असम जाएंगे. इसपर एक वरिष्ठ टीएमसी नेता ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल सीधे दिब्रूगढ़ और वहां से वे तिनसुकिया जाएंगे.बता दें कि पांच लोगों की गोली मारकर हत्या किए जाने के विरोध में शनिवार को 12 घंटे के राज्यव्यापी बंद के दौरान असम के कुछ जिलों में प्रदर्शनकारियों ने रेल पटरियों पर धरना दिया, वाहनों पर पथराव किया और सड़कों पर टायर जलाए. पुलिस ने बंद के दौरान लगभग 700 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है.
अधिकारियों ने बताया कि सुबह पांच बजे से शुरू हुए बंद का सबसे ज्यादा असर बंगाली भाषी लोगों की बहुलता वाली बराक घाटी और ब्रह्मपुत्र घाटी के कुछ हिस्सों में देखने को मिला. हालांकि राज्य की राजधानी गुवाहाटी में बंद का असर नहीं दिखा. यहां सबकुछ सामान्य ही रहा. अखिल असम बंगाली युवा छात्र संघ और समान विचारधारा वाले कई संगठनों ने गुरूवार रात में हुई घटना के विरोध में बंद का आह्वान किया था.
ये भी पढ़ें: असम में 5 युवकों की हत्या से भड़कीं ममता बनर्जी, आज प्रदर्शन करेगी TMCवहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने असम में पांच बंगाली भाषियों की हत्या पर शुक्रवार को दुख प्रकट किया और कहा कि देश में ‘हिंसा का माहौल’ बना हुआ है. उन्होंने यहां एक कार्यक्रम में कहा, ‘मैं नहीं जानती कि क्यों इन लोगों की हत्या की गई. लेकिन एक चीज पक्का है कि इन हत्याओं से अमंगल संदेश भेजा जा रहा है.’
ये भी पढ़ें: असम में उग्रवादियों ने 5 युवकों को गोलियों से भूना, ममता ने NRC से जोड़ा मामला
उन्होंने कहा कि गुजरात से बिहारियों को भगाया जा रहा है, असम से बिहार और उत्तर प्रदेश के लोग निकाले जा रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘देश में ऐसी स्थिति कभी नहीं रही. अचानक हिंसा का माहौल सभी जगह फैल गया है.’ असम के तिनसुकिया जिले में गुरूवार रात को अज्ञात बंदूकधारियों ने पांच बांग्ला भाषियों की हत्या कर दी थी.
यह घटना खेरबाड़ी गांव की है. बताया जा रहा है कि मारे गए लोग एक दुकान में बैठे हुए थे. उसी समय कुछ अज्ञात उग्रवादी वहां आए और उन्हें ब्रह्मपुत्र नदी के किनारे ले गए. अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध उग्रवादियों ने युवकों को लाइन में खड़ा किया और एक-एक करके गोली मार दी. घटना के बाद पुलिस और सेना मौके पर पहुंची.
(भाषा इनपुट के साथ)
Article source: https://hindi.news18.com/videos/uttar-pradesh/kanpur-kanpur-woman-molestation-accused-beating-video-viral-1572409.html
No comments:
Post a Comment