READ MORE
पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने 1984 के सिख विरोधी दंगों को बेहद दर्दनाक करार दिया. हालांकि इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इसके लिए राहुल गांधी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता.सिख विरोधी दंगों को लेकर चिदंबरम ने कहा, ‘1984 में कांग्रेस सत्ता में थी. तब बेहद दुखद घटना हुई और डॉ. मनमोहन सिंह इसके लिए संसद में माफी मांग चुके हैं. इसके लिए राहुल गांधी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता. उस दौरान वह महज 13 या 14 साल के थे. उन्होंने किसी को दोषमुक्त करार नहीं दिया है.’
बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को ब्रिटेन में कहा था कि 1984 के सिख दंगों में कांग्रेस पार्टी की कोई संलिप्तता नहीं थी. राहुल ने कहा था कि यह दंगा बेहद दर्दनाक था, लेकिन कांग्रेस की इसमें कोई आपराधिक संलिप्तता नहीं थी. राहुल के इसी बयान पर चिदंबरम की तरफ से सफाई आई है.
पी. चिदंबरम ने इसके साथ ही राफेल डील को लेकर मोदी सरकार पर प्रहार किया. उन्होंने कहा कि यह मामला गंभीर है और इस पर सार्वजनिक बहस के साथ विस्तृत जांच कराई जानी चाहिएकोलकाता में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में चिदंबरम ने कहा, ‘यूपीए सरकार के दौरान राफेल को लेकर एक समझौता किया गया था. इसके तहत यह सौदा 526 करोड़ रुपये में हुआ था. हमने फ्रांस से 126 लड़ाकू विमानों के लिए करार कर लिए थे. करार के मुताबिक फ्रांस 18 विमान मुहैया कराने वाला था, जबकि बाकी का निर्माण भारत में किया जाना था.’
उन्होंने कहा, ‘यूपीए सरकार के करार के मुताबिक 36 विमानों का बजट करीब 18940 करोड़ रुपये पड़ता. मगर मोदी सरकार ने राफेल को लेकर फ्रांस से जो समझौता किया है, उसका खुलासा नहीं किया जा रहा है. उसे छिपाया जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिन 36 विमानों को लेकर फ्रांस की कंपनी से समझौता किया है, उसकी कीमत को सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है. इसके बारे में देश को बताना चाहिए. संयोग यह बात सामने आ गई कि राफेल सौदे पर 60145 करोड़ खर्च होंगे. इसके अनुसार प्रति विमान सरकार को 1670 करोड़ रुपये के पड़ेंगे.’
गौरतलब है कि कांग्रेस ने राफेल मामले को उछालकर मोदी सरकार और बीजेपी को घेरने की बड़ी रणनीति बनाई है. कांग्रेस के 50 नेता इस मुद्दे पर 100 शहरों में मोदी सरकार के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. इसी के तहत चिदंबरम ने शनिवार को कोलकाता में प्रेस कांफ्रेस कर मोदी सरकार पर प्रहार किया.
Article source: https://www.jagran.com/west-bengal/jalpaiguri-18201896.html
No comments:
Post a Comment