Friday, 24 August 2018

केरल सीएम पिनरायी विजयन ने उम्मीद जताई सरकार स्वीकार करेगी UAE की 'पेशकश'


READ MORE

केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने दावा किया कि बाढ़ प्रभावित राज्य के लिए यूएई की ओर से आर्थिक सहायता के प्रस्ताव को लेकर कोई अस्पष्टता नहीं है. उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र 700 करोड़ रुपये की ‘पेशकश’ को स्वीकार करेगा.बाढ़ राहत के लिए केंद्र द्वारा विदेशी चंदा नहीं स्वीकार करने के मुद्दे पर गरमाई राजनीति के बीच संयुक्त अरब अमीरात दूतावास के अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि बाढ़ ग्रस्त केरल की आर्थिक सहायता के लिये यूएई सरकार की तरफ से कोई आधिकारिक घोषणा अब तक नहीं की गई है.


विजयन ने कहा कि एनआरआई कारोबारी एम ए यूसुफ अली ने उनको इस अनुदान के बारे में सूचित किया था. बाढ़ के बाद की स्थिति और राहत कार्यों की समीक्षा के लिए एक बैठक में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मैंने जब उनसे पूछा कि क्या मैं इसे सार्वजनिक कर सकता हूं, तो उन्होंने कहा था कि इसमें कोई समस्या नहीं है.’


विजयन ने कहा कि अली को यूएई की आर्थिक मदद के बारे में जानकारी उस वक्त दी गई जब वह बकरीद की बधाई देने के लिए शाहजादे से मिले.उन्होंने कहा कि सहायता को स्वीकार करने या नहीं करने का फैसला केंद्र सरकार लेगी.


मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने आर्थिक सहायता के बारे में 21 अगस्त को जो कहा था उसी पर कायम हैं और कहा कि इस मामले पर यूएई के शाहजादे शेख मोहम्मद बिन सैयद अल नाहयान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच चर्चा हुई थी. उन्होंने कहा कि दोनों ने अनुदान मुद्दे की जानकारी दुनिया को दी.


18 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शेख मोहम्मद का शुक्रिया कहा था. उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि केरल को इस विकट स्थिति में मदद करने के लिए आपका दिल से शुक्रिया. केरल के लिए उनकी चिंता यूएई और भारत की सरकार और जनता के बीच संबंधों को प्रकट करते हैं.




प्रधानमंत्री मोदी के ट्वीट के बाद, 21 अगस्त को मुख्यमंत्री विजयन ने ट्वीट किया, ‘संयुक्त अरब अमीरात केरल को 700 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान करेगा. मुख्यमंत्री ने मदद के लिए आभार व्यक्त किया.’ उन्होंने आगे कहा, ‘यह माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शेख मोहम्मद बिन जायद बिन सुल्तान अल-नाहयान अबू धाबी के क्राउन प्रिंस और संयुक्त अरब अमीरात के सशस्त्र बलों के उप सुप्रीम कमांडर द्वारा सूचित किया गया था.’


यूएई के राजदूत अहमद अलबन्नम ने वित्तीय सहायता का जिक्र किये बिना कहा कि उनकी सरकार ने केरल में अचानक आई बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत सहायता देने के लिये सिर्फ एक राष्ट्रीय आपातकालीन समिति का गठन किया है.


एक अधिकारी ने कहा कि यूएई आने वाले कुछ दिनों में बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिये कोई योजना तैयार कर सकता है. केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने इससे पहले इस हफ्ते कहा था कि यूएई ने खाड़ी देश के साथ केरल के खास रिश्ते को देखते हुए 700 करोड़ की आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है.


आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक तीस लाख भारतीय यूएई में रहते और नौकरी करते हैं जिसमें से 80 प्रतिशत केरल के लोग हैं.विजयन ने बारिश और भूस्खलन के कारण आई बर्बादी का विस्तृत ब्योरा देते हुए बताया कि शुरुआती आकलन में राज्य को करीब 20,000 रुपये का नुकसान हुआ है.फसलों के त्योहार ओणम को हर साल राज्य में बड़ी धूम-धाम से मनाया जाता रहा है लेकिन बारिश एवं बाढ़ से बर्बाद हुए केरल में इस साल ओणम नहीं मनाया जाएगा. लाखों लोग भले ही अपने घर लौट आए हों लेकिन 8.69 लाख से ज्यादा लोग अब भी 2287 राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं.


Article source: http://khabar.ibnlive.com/news/politics/lalu-prasad-escapes-serious-injury-as-ceiling-fan-418062.html

No comments:

Post a Comment