READ MORE
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के अध्यक्ष राज ठाकरे के बारे में की गई टिप्पणियों के लिए बॉलीवुड अभिनेत्री तनुश्री दत्ता के खिलाफ मानहानि का एक मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी.पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र के बीड़ जिले में कैज पुलिस ने बुधवार की शाम एक मामला दर्ज किया. यह मामला एमएनएस की जिला इकाई के अध्यक्ष सुमंत धास की शिकायत पर दर्ज किया गया, जिसमें आरोप लगाया गया है कि तनुश्री ने उनकी पार्टी के अध्यक्ष की मानहानि की.
अधिकारी ने बताया, ‘हमने तनुश्री के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 500 (मानहानि) के तहत गैर-संज्ञेय अपराध का मामला दर्ज किया है और जांच की जा रही है. हमने शिकायतकर्ता को अदालत जाने को भी कहा है.’
बता दें कि 34 वर्षीय तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर पर आरोप लगाया है कि साल 2008 में एक फिल्म के सेट पर उन्होंने उनका यौन शोषण करने की कोशिश की थी. इसके अलावा हाल में ही उन्होंने एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे पर भी निशाना साधते हुए कहा था कि राज ठाकरे, बाल ठाकरे के उत्तराधिकारी बनना चाहते थे, लेकिन वह ऐसा कर पाने में असफल रहे. उन्होंने राज ठाकरे की पार्टी को गुंडों की पार्टी कहा था.तनुश्री ने यह आरोप भी लगाया था कि साल 2008 में फिल्म ‘हॉर्न ओके प्लीज’ के सेट में उनकी गाड़ी के साथ हुई तोड़फोड़ में भी एमएनएस कार्यकर्ताओं का ही हाथ था. उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें एमएनएस से धमकियां मिल रही हैं. उन्होंने कहा कि दो लोगों ने हाल ही में उनके घर में जबरन घुसने की कोशिश की थी.
एक पार्टी कार्यकर्ता ने पीटीआई को बताया कि टीवी रिएलिटी शो बिग बॉस में तनुश्री दत्ता के पार्टिसिपेट करने की खबर आने के बाद एमएनएस युवा विंग ने बुधवार को बिग बॉस के निर्माताओं को एक पत्र सौंपा था. बता दें कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने धमकी दी थी कि अगर तनुश्री दत्ता शो में भाग लेंगी तो वे सेट पर हिंसात्मक कार्रवाई करेंगे.
महाराष्ट्र के मंत्री दीपक केसरकर ने बुधवार को तनुश्री दत्ता के दावों की सच्चाई पर सवाल उठाते हुए नाना पाटेकर के समर्थन में कहा कि वह एक ‘शानदार व्यक्तित्व’ हैं जिन्होंने राज्य के लिए जबरदस्त काम किया है.
ये भी पढ़ें- नाना-तनुश्री मामले पर परिणीति का बयान, ‘मेरे साथ होता तो चुप नहीं बैठती…
No comments:
Post a Comment