Thursday, 4 October 2018

पृथ्वी शॉ ने बताया, ओपनिंग भेजने के पहले कोहली ने उनसे कही थी ये बात


READ MORE

भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे राजकोट टेस्ट के पहले दिन भारत के 18 साल के ओपनर पृथ्वी शॉ ने 99 गेंदों में शतक बनाया और आखिरकार 134 रन बनाकर आउट हुए. शॉ ने इस दौरान गजब की बल्लेबाजी की और मैदान के चारों तरफ चौके लगाए. जिस तरह से वह बैटिंग कर रहे थे उसे देखकर कॉमेंट्री बॉक्स में बैठे वीवीएस लक्ष्मण ने कहा कि देखकर ऐसा लग रहा है कि वह अपना पहला मैच नहीं बल्कि 50वां मैच खेल रहे हैं. साथ ही जिस अंदाज में उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी की उसे देखते हुए उन्हें सहवाग के अंदाज वाला बल्लेबाज बताया गया.पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद जतिन सपरू और वीवीएस लक्ष्मण के साथ बातचीत में पृथ्वी शॉ ने बताया कि बैटिंग में उतरने के पहले विराट कोहली ने उनसे कहा था, “अपने गेम का आनंद लो और बढ़िया अंदाज में खेलो.”



उन्होंने कहा, “बैटिंग में उतरने के पहले मैं थोड़ा नर्वस था. मैं घरेलू क्रिकेट में भी डेब्यू के दौरान ऐसा ही नर्वस हुआ था. लेकिन 10-12 ओवर खेलने के बाद मैं खुलकर खेलने लगा.” 18 साल के पृथ्वी भारत की ओर से टेस्ट में ओपनिंग करने वाले दूसरे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं. इसके अलावा उन्होंने सबसे तेजी से पहला टेस्ट शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरा स्थान प्राप्त किया है. पृथ्वी ने 99 गेंदों में अपना शतक पूरा किया.


उनसे पहले शिखर धवन ने 2013 में मोहाली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 85 गेंदों में शतक लगाया था, वहीं दूसरे स्थान पर शामिल ड्वेन स्मिथ ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2004 में 93 गेंदों में अपना पहला टेस्ट शतक जड़ा था.



मुंबई के बल्लेबाज शॉ के इस कारनामे की प्रशंसा करते हुए क्रिकेट के भगवान माने जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने ट्वीट कर कहा, “तुम्हारी पहली पारी में आक्रामक खेल देखना शानदार रहा। ऐसी निडर बल्लेबाजी जारी रखो।”

No comments:

Post a Comment