Saturday, 25 August 2018

केरल बाढ़ में UAE की मदद पर विवाद की वजह हैं ये बिजनेसमैन!


READ MORE

(ऐश्वर्या कुमार)21 अगस्त को केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की ओर से किए गए एक ट्वीट पर देशभर में एक बड़ी बहस छिड़ गई. विजयन ने ट्वीट कर कहा था कि यूएई की ओर से बाढ़ पीड़ितों के लिए 700 करोड़ रुपए की सहायता राशि की पेशकश की गई है. बहस इस बात पर छिड़ी की ये सहायता राशि
स्वीकार की जाए या नहीं.


अभी इस मुद्दे पर बहस चल ही रही थी कि शुक्रवार को इस तेल के धनी देश ने कहा कि उसकी तरफ से ऐसी कोई पेशकश हुई ही नहीं है. इसपर विजयन ने स्पष्टीकरण दिया कि यूएई स्थित एक मलयाली बिज़नेसमैन और समाज-सेवी एम ए यूसुफ अली से ही उन्हें इस सहायता की पेशकश की सूचना मिली.ऐसे में अब सभी की नज़रें अली की तरफ हैं जिन्होंने अभी तक इस बात की पुष्टि या इसे खारिज़ नहीं किया है. वैसे अली की ताकत पर किसी को कोई शक नहीं है. इस वक्त कुल मूल्य 3.8 बिलियन डॉलर (380 करोड़ रुपए) के साथ अली फोर्ब्स अरबपतियों की सूची में 388वें रैंक पर हैं. अगर आप उनके फेसबुक पेज पर जाएंगे तो आपको उनकी तस्वीर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दिवंगत राष्ट्रपति अब्दुल कलाम, पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा से लेकर कई अन्य दिग्गजों के साथ दिख जाएगी, जो उनके रसूक की कहानी खुद-ब-खुद बयां करती हैं.


तृश्शूर में 1955 को जन्में एम ए यूसुफ अली ने गुजरात से बिज़नेस और मैनेजमेंट में डिप्लोमा हासिल किया. 1973 में वो अपने अंकल के पास अबु धाबी चले गए. एम के अब्दुल्ला ने लुलु ग्रुप ऑफ कंपनीज़ की स्थापना की और जल्द ही उनके भतीजे ने सुपरमार्केट बिज़नेस में कदम रखकर इस कारोबार को और फैलाया.


एम ए यूसुफ अली ने सुपरमार्केट की चेन, लुलु सुपरमार्केट खोला जिसे अबु धाबी में खुदरा व्यापार के क्षेत्र में गेम चेंजर के तौर पर देखा जाता है. इसके करीब 100 स्टोर्स पूरे मध्य-पूर्व में फैला हुआ है. उन्होंने आगे चलकर 2013 में भारत का सबसे बड़ा शॉपिंग मॉल कोच्चि में खोला जिसे लुलु अंतरराष्ट्रीय मॉल के नाम से जाना जाता है.


63 साल के अली ने 2015 में उस वक्त इतिहास रच दिया जब उन्होंने लंदन स्थित के एक प्रतिष्ठित प्रॉपर्टी डिवेलपर के साथ 170 मिलियन डॉलर का लंदन के स्कॉटिश यार्ड पुलिस स्टेशन में एक पांच सितारा होटल बनाने का समझौता किया.


पद्मश्री एम ए यूसुफ अली की उत्तर भारत में कई फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स हैं. 2013 में उन्होंने फेडरल बैंक के स्टेक्स खरीदे जिसके बाद वो केरल स्थित इस बैंक के सबसे बड़े स्टॉकहोल्डर बन गए. इसके अलावा अली को उनके समाज सेवा के कार्यों के लिए भी जाना जाता है. वो कई चैरिटेबल और सामाजिक संस्थानों से भी जुड़े हैं.


एक तरफ जहां यूएई की तरफ से 700 करोड़ की सहायता की पेशकश पर अभी भी रहस्य बना हुआ है, अली ने खुद केरल बाढ़ पीड़ितों के लिए करीब 9.5 करोड़ की सहायता दी है. इसके साथ ही ये भी कहा जा रहा है कि अली ने करीब 5 मिलियन डॉलर (35 करोड़ रुपये) खलीफा बिन सईद अल नहान फाउंडेशन की तरफ से भी केरल को पहुंचाया है.


गुजरात भूकंप के समय भी अली सबसे अधिक सहायता देने वालों में से थे और कहा जाता है कि उन्होंने सुनामी रिलीफ फंड को भी दान किया था. इसके साथ ही ये भी कहा जाता है कि 2006 में अबु धाबी में ईसाइयों को ज़मीन दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी.


Article source: http://feedproxy.google.com/~r/ndtvkhabar/~3/WR_qgz-8Qwc/story01.htm

No comments:

Post a Comment