Wednesday, 3 October 2018

यदि गोवा सरकार गिरती है तो मिड-टर्म इलेक्शन के लिए तैयार: एमजीपी


READ MORE

गोवा सरकार की स्थिरता पर कांग्रेस की तरफ से उठाए जा रहे सवालों के बीच भाजपा नीत गठबंधन की एक घटक महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) ने बुधवार को कहा कि यदि सरकार ‘गिरती’ है तो पार्टी मध्यावधि चुनाव (मिड टर्म इलेक्शन) के लिए तैयार है.एमजीपी नेता व लोकनिर्माण मंत्री सुदीन धवलीकर ने यह भी कहा कि राजनीति एक अप्रत्याशित क्षेत्र है.


मंत्री ने कहा, ‘एमजीपी मध्यावधि विधानसभा चुनाव लड़ने को तैयार है. सरकार गिरे या न गिरे हम पर असर नहीं होगा. लेकिन लोगों ने हमें (2017 में) पांच साल के कार्यकाल के लिए चुना और हम अपना कार्यकाल पूरा करना चाहते हैं.’


तीन विधायकों वाली एमजीपी भाजपा नीत सरकार का एक घटक है. अन्य में गोवा फॉरवर्ड पार्टी और निर्दलीय विधायक शामिल हैं.चालीस सदस्यों वाली गोवा विधानसभा में 16 विधायकों वाली कांग्रेस ने शक्ति परीक्षण की मांग की थी और कहा था कि खराब स्वास्थ्य के चलते कार्यालय से मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर की गैर-मौजूदगी के मद्देनजर भाजपा के घटक दलों में सबकुछ ठीक नहीं है.


पर्रिकर का अग्नाशय संबंधी बीमारी के चलते दिल्ली के एम्स में इलाज चल रहा है.


धवलीकर ने कहा, ‘राजनीति में कुछ भी हो सकता है. यहां तक कि 10 विधायकों का समूह किसी दूसरी पार्टी में जा सकता है. हमने एक राज्य में देखा था कि मुख्यमंत्री सहित कांग्रेस विधायकों का पूरा ग्रुप रातोंरात भाजपा के पाले में चला गया.’


लोकनिर्माण मंत्री ने कहा, ‘जब तक लोग चाहेंगे, तब तक सरकार रहेगी. यदि लोग सरकार को जारी नहीं रहने देना चाहते तो चुनाव जरूरी हो जाएगा. ’


धवलीकर ने हालांकि मुख्यमंत्री बदले जाने की संभावना से इनकार किया.


एमजीपी नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री नौ अक्टूबर के बाद अतिरिक्त पद मंत्रियों को देंगे.


धवलीकर ने कहा, ‘गोवा की वर्तमान राजनीतिक स्थिति में कुछ भी गलत नहीं है. मुख्यमंत्री यहां स्वास्थ्य ठीक न होने की वजह से नहीं हैं. गोवा में नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं होगा. हम मनोहर पर्रिकर को अपना नेता बनाए रखना चाहते हैं और जब तक वह गोवा के लोगों के लिए काम कर सकते हैं, तब तक वह हमारे नेता रहेंगे.’


Article source: http://khabar.ibnlive.com/news/manoranjan/shooting-place-in-london-452244.html

No comments:

Post a Comment