READ MORE
लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान सेहत ठीक नहीं रहने के कारण 2019 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने पर विचार कर रहे हैं. पार्टी सूत्रों ने न्यूज18 को बताया कि पासवान राज्यसभा के रास्ते संसद में दाखिल होने की योजना बना रहे हैं और इसके लिए पर्याप्त समर्थन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मिल सकता है.भाजपा और नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाईटेड) के बीच बिहार में बराबर सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ने की सहमति बनने के बाद भी ये स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों दल 16-16 सीटों पर लड़ेंगे या 17-17 सीटों पर. बिहार में लोकसभा की 40 सीटें हैं.
सीट बंटवारे में अहम किरदार निभाने वाले जेडीयू नेता ने बताया कि 17-17 सीटों पर ही सहमति बनी है. ऐसी स्थिति में चार सीटें लोजपा के लिए औऱ दो उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के लिए बचती है.
2014 लोकसभा चुनाव सात सीटों पर लड़ने वाली लोजपा पांच सीटों की मांग कर रही थी. जिस फॉर्मूले पर चर्चा हो रही है उस हिसाब से पांचवी सीट के बदले रामविलास पासवान को राज्यसभा भेजा जाएगा. रामविलास पासवान हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र का लंबे अरसे से प्रतिनिधित्व करते आए हैं और यहां से रिकॉर्ड मतों चुनाव जीत चुके हैं.ऐसी स्थिति में लोजपा का मोह इस सीट पर कायम है. एक चर्चा ये भी है कि पासवान अपने बेटे चिराग पासवान को यहां से उतार सकते हैं. लेकिन जमुई से सांसद चिराग पासवान के लिए मौजूदा सीट ज्यादा मुफीद होगी अगर वहां महागठबंधन की ओर से शरद यादव की पार्टी के उदय नारायण चौधरी उम्मीदवार बनाए जाते हैं. जमुई में चिराग ने पिता की छाप से हटते हुए अलग पहचान बनाई है और पार्टी इसे खोना नहीं चाहेगी.
ऐसी स्थिति में हाजीपुर की सीट जेडीयू के खाते में जा सकती है.
Article source: http://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/know-your-horoscope-17-916849.html
No comments:
Post a Comment