Monday, 1 October 2018

पाकिस्तान ने बताया फासीवादी संगठन, तो RSS ने यह दिया जवाब


READ MORE

संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में भारत के हमले से तिलमिलाए पाकिस्तान ने इस बार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी आरएसएस पर निशाना साधा और उसे फासीवादी संगठन करार दिया. पाकिस्तान के इस बयान पर आरएसएस और बीजेपी ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई है.इस मुद्दे पर दिल्ली आरएसएस के सह प्रांतचालक आलोक कुमार ने आरएसएस को देश का सबसे बड़ा हिंदू संगठन बताते हुए कहा कि सेना द्वारा संचालित पाकिस्तान का अस्तित्व ही भारत और हिंदुओं का विरोध करने पर निर्भर करता है. इसलिए हमें पाकिस्तान से चरित्र प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं. उन्होंने कहा कि आरएसएस एक लोकतांत्रिक संगठन है न कि फासीवादी.


ये भी पढें- संघ और मुसलमान: आखिर सभी भारतीयों को ‘हिंदू’ क्यों मानता है RSS…


पाकिस्तान द्वारा भारत में हिंदुत्ववादी ताकतों के राज करने के आरोपों का जवाब देते हुए आलोक कुमार ने कहा कि भारत में हिंदुत्ववादी ताकतें मजबूत जरूर हो रही हैं, लेकिन राज करने वाली बात गलत है. हिंदू संगठन पर संघ के नज़रिए को पेश करते हुए उन्होंने कहा कि संघ चाहता है कि भारत में यह मजबूत हों, लेकिन इसका मतलब किसी का विरोध नहीं है.जब उनसे यह पूछा गया कि भारत में भी कई राजनीतिक दल आरएसएस को फासीवादी मानते हैं तो उन्होंने उसे वोटों की राजनीति से प्रेरित बताया. उन्होंने कहा कि इस तरह के आरोपों से वे रास्ते से हटने वाले नहीं हैं.


बता दें कि बीते दिनों पाकिस्तान ने न्यूयॉर्क में आयोजित यूएनजीए की एक बैठक में भारत पर आरोप लगाते हुए कहा था कि साल 2014 में पेशावर में हुआ आतंकवादी हमला भारत द्वारा प्रायोजित था, जिसके जवाब में भारत ने न सिर्फ कड़ी प्रतिक्रिया दी थी बल्कि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने पाकिस्तान द्वारा आयोजित आतंकवाद के दंश पर भी कई सवाल उठाए थे. इससे तिलमिलाए पाकिस्तान ने भारत के हिंदूवादी संगठन आरएसएस पर फासीवादी होने का आरोप लगाया है.


Article source: http://feedproxy.google.com/~r/Khabar-Cricket/~3/W-roVz16NBE/story01.htm

No comments:

Post a Comment