READ MORE
चुनाव आयोग एवं अन्य राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दलों के साथ बैठक के बाद सोमवार को कांग्रेस ने कहा कि 70 प्रतिशत से अधिक पार्टियां बैलेट पेपर से चुनाव के पुराने सिस्टम की वापसी चाहती हैं. कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने कहा कि कई ने राज्यों के हालिया चुनावों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में आई खराबी की रिपोर्ट चिंताजनक है और यह फिर से बैलेट पेपर से चुनाव की मांग करता है.सूत्रों के अनुसार बैठक में मौजूद कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के प्रतिनिधियों ने ईवीएम में खराबी का मुद्दा उठाया और बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाने का सुझाव दिया.
वहीं दूसरी तरफ मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत ने कहा, “कुछ पार्टियों ने कहा कि फिर से बैलेट पेपर की ओर जाना वास्तव में बुरा है क्योंकि यह बूथ कैप्चरिंग को वापस लाएगा और हम इसकी वापसी नहीं चाहते. कुछ पार्टियों ने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट की गिनती के साथ समस्याएं हैं, चुनाव आयोग इस पर काम क्यों नहीं करता?”
सिंघवी ने कहा कि विपक्षी दलों ने विकल्प के तौर पर कम से कम 30 प्रतिशत मतदान केंद्रों में वोटो की प्रमाणिकता की जांच के लिए ईवीएम में वीवीपैट मशीन लगाने का सुझाव दिया है.इसी के साथ कांग्रेस ने चुनाव अभियान के दौरान राजनीतिक दलों द्वारा किए जाने वाले खर्च की अधिकतम सीमा निर्धारित करने के लिए कहा. वर्तमान में लोकसभा और विधानसभा के उम्मीदवारों के लिए चुनाव के दौरान खर्च की एक सीमा है लेकिन राजनीतिक दलों द्वारा किए जाने वाले खर्च की कोई सीमा नहीं है.
कांग्रेस ने स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए मतदाताओं की सूची से सभी डुप्लिकेट और झूठे मतदाताओं से बाहर निकलने की भी मांग की है. कांग्रेस का कहना है कि मध्यप्रदेश की मतदाता सूचि में 60 लाख और राजस्थान की मतदाता सूचि में 35 लाख डुप्लिकेट मतदाता हैं. दोनों ही राज्यों में इस साल के अन्त में चुनाव होंगे.
ये भी पढ़ें: आम चुनाव से पहले EVM की सभी चिंताओं को दूर करेंगे: CEC
No comments:
Post a Comment