Thursday, 28 December 2017

2017 का चुनावी साल, भाजपा मालामाल


READ MORE

साल 2017 चुनावी मुकाबले में काफी रोमांचक रहा. इस साल 7 राज्यों में विधानसभा, राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति चुनाव हुए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और राहुल गांधी सहित सभी नेता चुनावी ताल ठोंकते नज़र आए. नज़र डालिए कि कैसे भाजपा के लिए ये साल काफी मालामाल रहा?इस साल की शुरुआत यानि फरवरी से मार्च के बीच पंजाब, गोवा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और मणिपुर राज्य में विधानसभा चुनाव हुए. 11 मार्च 2017 के दिन इन सभी चुनावों का फैसला आया. पंजाब राज्य में 117 सीटों में से कांग्रेस ने 77 सीटों पर कब्ज़ा कर अपनी सरकार बनाई.



उत्तर प्रदेश की 403 सीटों में से भाजपा 384 सीटों पर मुकाबला लड़ा. इनमें से भाजपा ने 312 सीटें जीतीं, जो अपने आप में किसी रिकॉर्ड से कम नहीं था. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी और अपना दल के साथ मिलकर एनडीए गठबंधन ने 325 सीटें अपने नाम की.यूपी के मुकाबले में समाजवादी पार्टी जहां महज़ 47 सीटों पर सिमट गई तो वहीं कांग्रेस को कुल 7 सीट ही हासिल हुईं. दोनों पार्टियां गठबंधन कर चुनावी मैदान में उतरी थीं.


उत्तराखंड में भी कुल 70 सीटों में से भाजपा ने 57 पर कब्ज़ा किया जबकि कांग्रेस महज़ 11 सीटों पर सिमट गई. मणिपुर में मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच काफी कांटे का रहा. जहां भाजपा ने 31 और कांग्रेस ने 28 सीटें जीतीं. भाजपा ने अन्य पार्टियों के साथ गठबंधन कर सत्ता पर कब्ज़ा किया.


मणिपुर के अलावा गोवा में भी भाजपा की फुर्ती कांग्रेस पर भारी पड़ी. गोवा की कुल 40 सीटों में से भाजपा को 13 पर जीत हासिल हुई तो कांग्रेस ने 17 सीट जीतीं. लेकिन महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी, गोवा फॉर्वड पार्टी और दो निर्दलियों के साथ मिलकर भाजपा ने सरकार बनाई.


राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति चुनाव में भाजपा अव्वल
17 जुलाई 2017 के दिन देश के राष्ट्रपति पद के लिए वोट डाले गए. इस चुनावी प्रक्रिया में भाजपा की ओर से रामनाथ कोविंद विजयी रहे. जबकि 5 अगस्त 2017 को हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी वैंकेया नायडू को जीत हासिल हुई.


हिमाचल-गुजरात में भी भाजपा विजयी
साल 2017 के आखिरी महीने दिसंबर में दो राज्यों में हाईवोल्टेज चुनाव हुए. इनमें गुजरात और हिमाचल प्रदेश शामिल थे. गुजरात में राहुल गांधी की नई रणनीति और हार्दिक-जिग्नेश-अल्पेश की जोड़ी ने भाजपा को कड़ी टक्कर दी. बावजूद इसके भाजपा ने 99 सीट हासिल कर, सत्ता पर कब्ज़ा किया. जबकि हिमाचल में पूरा मामला एक तरफा साबित हुआ. भाजपा ने 44 और कांग्रेस ने 21 सीटें जीतीं.


Article source: http://www.jagran.com/bihar/muzaffarpur-16528719.html

No comments:

Post a Comment