READ MORE
कुल्लू जिले में सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर भटक रहे सभी बेसहारा पशुओं को दस दिन के भीतर निकटवर्ती गोसदनों में पहुंचा दिया जाएगा. बेसहारा पशुओं की समस्या और जिले में गो सदनों के प्रबंधन को लेकर बचत भवन में हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने बताया कि जिले में चल रहे 8 गोसदनों को सुदृढ़ किया जाएगा. उन्होंने कहा कि बेसहारा पशुओं की समस्या से निपटने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे. जिला में इस समय रांगड़ी, कटराईं, डोभी, रायसन, बंदरोल, बाशिंग और कुल्लू में कुल आठ गोसदन चलाए जा रहे हैं. इनमें 1000 से अधिक पशु रखे गए हैं.उपायुक्त ने पशुपालन विभाग, पंचायतीराज विभाग और नगर निकायों के अधिकारियों और गोसदन चलाने वाली संस्थाओं के पदाधिकारियों को उक्त गोसदनों को राज्य गोवंश संवर्द्धन बोर्ड के अधीन पंजीकृत करवाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि पंजीकरण प्रक्रिया की सभी औपचारिकताएं अतिशीघ्र पूरी करें और संबंधित संस्था या विभाग के लिए 15 दिन के भीतर जमीन चिह्नित करें.
उपायुक्त ने कहा कि बेसहारा पशुओं की समस्या के समाधान और गोसदनों के बेहतर प्रबंधन के लिए जिला, उपमंडल व ब्लाॅक स्तर पर व्यापक कदम उठाए जाएंगे तथा टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा. उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को इसकी व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए. उपायुक्त ने बताया कि जिला में शीघ्र ही एक हैल्पलाइन नंबर जारी करेगा, जिस पर बेसहारा पशुओं की तुरंत सूचना दी जा सकेगी.
2 जनवरी को मनाली के राष्ट्र स्तरीय शरदोत्सव के दौरान इस नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा और शरदोत्सव के शुभारंभ अवसर पर झांकी निकालकर लोगों को बेसहारा पशुओं की समस्या के प्रति जागरुक किया जाएगा. उपायुक्त ने कहा कि गोसदनों के निर्माण और बेहतर प्रबंधन के लिए जिला स्तर पर गठित सोसाइटी को सुदृढ़ किया जाएगा तथा पर्याप्त फंड की व्यवस्था की जाएगी.
Article source: http://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/etah/eta-kasganj-rail-line-will-expand-1032507.html
No comments:
Post a Comment