READ MORE
मुंबई सिटी एफसी ने दोनों हाफ में दो-दो गोल करके इंडियन सुपर लीग के एकतरफा मैच में शुक्रवार को दिल्ली डायनामोज़ को 4-0 से करारी शिकस्त दी और अंकतालिका में दूसरा स्थान हासिल किया.मुंबई सिटी ने शुरू से ही मैच पर दबदबा बना दिया और उसे आखिर तक बरकरार रखा. उसकी तरफ से रोमानियाई खिलाड़ी और कप्तान लूसियाना गोइयन (12वें मिनट), ब्राज़ील के मिडफील्डर एवर्टन सांतोस (43वें), ब्राज़ील के ही थियगो सांतोस (49वें) और भारत के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बलवंत सिंह (79वें) ने गोल दागे.
यह मुंबई सिटी की आठ मैचों में चौथी जीत है. इससे उसके 13 अंक हो गए हैं और उसकी टीम दूसरे स्थान पर काबिज़ हो गयी है. चेन्नईयिन एफसी आठ मैचों में 16 अंक लेकर शीर्ष पर है.
दिल्ली डायनामोज़ का लचर प्रदर्शन बरकरार है. पहले मैच में जीत दर्ज करने के बाद यह उसकी लगातार छठी हार है. दिल्ली के अब भी तीन अंक हैं और वह दस टीमों के इस टूर्नामेंट में अंतिम स्थान पर है.दिल्ली के लिए इस मैच में जीत खोया हुआ आत्मविश्वास हासिल करने के लिए बेहद ज़रूरी थी. उसने मैच की शुरुआत भी अच्छी की थी और मेज़बान टीम पर दबाव बनाए रखा था, लेकिन इसके बाद भी वह कुछ खास नहीं कर पाई और 12वें मिनट में ही गोल खा बैठी. इसी मिनट में मुंबई को पेनल्टी मिली. अर्नब दास शर्मा ने एवर्टन सांतोस को बॉक्स के अंदर गिरा दिया.
रैफरी ने इस पर मुंबई को पेनल्टी दी. अचिले इमाना ने पेनल्टी ली, लेकिन वह चूक गए और गेंद पोस्ट से टकरा पर वापस आ गई. हालांकि पास ही में खड़े लूसियाना ने रिबाउंड पर गोल करते हुए मुंबई को बढ़त दिला दी. एक गोल से पीछे चल रही दिल्ली के पास 23वें मिनट में गोल करने का मौका आया. रोमियो फर्नाडेज ने दाहिने कोने से गेंद ली और बॉक्स के अंदर चले गए. उन्होंने शॉट लेने में जल्दबाजी की.
दिल्ली एक गोल खाने के बाद बैकफुट पर थी. उसे इससे उबरने का मौका मिल पाता इससे पहले ही मुंबई ने दूसरा गोल कर दिया. मुंबई को 43वें मिनट में कॉर्नर मिला और इमाना की मदद से एवर्टन सांतोस ने गोल करते हुए मुंबई की बढ़त को दोगुना कर दिया. दो गोल से पीछे चल रही दिल्ली को 45वें मिनट में बड़ा झटका लगा, हालांकि इस समय मुंबई को भी झटका लगा था. दोनों टीमों के एक-एक खिलाड़ी को लाल कार्ड दिखा दिया गया. दिल्ली के माथियास मीराबाजे और मुंबई के सेहनाज सिंह को रेड कार्ड मिला.
दोनों टीमों ने दूसरे हाफ की शुरुआत 10-10 खिलाड़ियों के साथ की, लेकिन मुंबई फिर भी दिल्ली पर हावी रही. 49वें मिनट में मुंबई एक और गोल दागा. उसके लिए यह गोल थियागो संतोस ने किया. इस मिनट में मुंबई को कॉर्नर मिला और रुइदास ने गेंद एवर्टन को दी जिनका हेडर पोस्ट से टकरा कर आ गया, लेकिन थियागो ने रिबाउंड पर गोल करते हुए अपना पहला और टीम का तीसरा गोल किया.
यहां से दिल्ली की जीत की संभावनाएं खत्म हो गई थीं, लेकिन उसकी कोशिशें जारी थीं, हालांकि उनकी कोशिशों में दम नजर नहीं आ रहा था. 61वें मिनट में पाउलिंहो डियास ने दिल्ली के लिए गोल करने का करीबी मौका गंवा दिया.
एक तरफ दिल्ली मौके नहीं बना पा रही थी, वहीं मुंबई ने 79वें मिनट में अपना चौथा गोल दाग दिया था. उसके लिए यह गोल बलवंत सिंह ने किया. बलवंत को बाएं छोर से इमाना ने गेंद पास दी और उन्होंने बड़ी आसानी से गेंद को गोलपोस्ट में डाल अपनी टीम के लिए चौथा गोल किया.
No comments:
Post a Comment