READ MORE
(संजय श्रीवास्तव)जब कॉलेज की उस लड़की ने इंटरव्यू लेने के लिए अनुरोध भेजा तो रजनीकांत ने कई बार आनाकानी की..जब तैयार हुए तो वो लड़की इंटरव्यू लेने आई..वह उसे देखते ही रह गए..वो रजनीकांत जिसके ऊपर लड़कियां जान छिड़कतीं थीं, वो सवालों के जवाब देते हुए उस लड़की की ओर आकर्षित होता जा रहा था. ये अजीब सी स्थिति थी. उन्हें लगने लगा कि यही वो लड़की है, जिसकी उनको तलाश थी. इंटरव्यू खत्म होते होते उन्होंने आखिरकार उसके सामने शादी का प्रस्ताव रख ही दिया. लड़की हैरान. शर्माई. फिर ये कहते हुए चली गई कि ये फैसला तो उसके पैरेंट्स ही करेंगे. इसके बाद लार्जर देन लाइफ और ब्लाक बस्टर हीरो अजीब नर्वसनेस का शिकार हो गया.
80 का दशक आते आते रजनीकांत दक्षिण भारत की फिल्मों में ऐसा औरा गढ़ चुके थे कि माना जाने लगा था कि वह मानव नहीं बल्कि महामानव हैं. उनकी फिल्में सुपर हिट हो रही थीं. बॉक्स आफिस पर रिकार्ड तोड़ रही थीं, अब तक दो बार उनका दिल टूट चुका था, लेकिन ये तब की बात है जबकि वह बेंगलुरु में बस कंडक्टर हुआ करते थे. चेन्नई के सिनेमा में हीरो के रूप में सफल होने के बाद तो हीरोइनें उनपर कुर्बान होने लगी थीं. लेकिन रजनी का दिल आया तो एक लड़की पर, जिससे वो जिंदगी में पहली बार मिले थे.
हालांकि शादी के बाद साउथ के इस ब्लाकबस्टर सुपरस्टार के अफेयर के किस्से कई हीरोइनों के साथ भी मशहूर हुए. उसमें सबसे अधिक चर्चा चली ‘सेक्स बम’ कही जाने वाली सिल्क स्मिता के साथ. इससे एकबारगी उनकी शादी ही खतरे में दिखने लगी. ये भी कहा जाता है कि कुछ साल पहले बॉलीवुड में डर्टी पिक्चर के नाम से जो मूवी सिल्क स्मिता पर बनी, उसमें नसीरुद्दीन शाह ने जो रोल किया था, वो मुख्य तौर पर रजनीकांत पर ही आधारित था.सिल्का स्मिता से अफेयर की चर्चाएं
रजनीकांत पर कई किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं. इन्हीं में एक गायत्री श्रीकांत की है. किताब का नाम है ‘द नेम इन रजनीकांत’. किताब में वह लिखती हैं कि किस तरह सिल्क स्मिता से उनकी करीबी की चर्चाएं 80 के दशक के आखिर तक होने लगी थीं. सिल्क स्मिता उन दिनों दक्षिण में रजनीकांत, कमल हासन और चिरंजीवी से कम लोकप्रिय नहीं थीं. वह 80 के दशक में बोल्ड करने वाली बी ग्रेड फिल्मों की सुपरस्टार थीं. कुछ लोग उन्हें साफ्टपोर्न एक्ट्रेस भी कहते थे. ‘सदमा’ फिल्म के साथ ही वह रातोंरात देशभर में हिट हो गईं.
दोनों की उत्तेजित करने वाली केमिस्ट्री
किताब कहती है, रजनी और स्मिता ने कई फिल्मों में साथ काम किया. उसमें दोनों की केमिस्ट्री ऐसी होती थी कि लोग उफ-उफ कर उठते थे. खासकर गानों में दोनों के डांसिंग स्टेप्स और भाव मुद्राएं उत्तेजित कर देने वाली होती थीं. हालांकि दोनों के अफेयर की कोई पुष्टि नहीं हुई, लेकिन उनके लिंकअप से इनकार नहीं किया जा सकता. रजनीकांत उन दिनों जिस तरह स्मिता के साथ फिल्म करने को प्राथमिकता देते थे, उससे ये चर्चाएं बढ़ती जा रही थीं. कहा तो यहां तक जाता है कि जब ये रिश्ता टूटा तो सिल्क स्मिता बहुत ज्यादा डिस्टर्ब हो गईं.
अमला से भी जुड़ा नाम
इसके अलावा दक्षिण भारत की एक और खूबसूरत अभिनेत्री अमला के साथ रजनीकांत का नाम शिद्दत से जोड़ा गया. यहां तक कहा गया कि ये रोमांस इतना जबरदस्त था कि वह पत्नी से तलाक लेने के बारे में भी सोचने लगे थे. तब बड़े पैमाने पर रजनीकांत के प्रशंसकों ने उन्हें खत लिखकर उन्हें ऐसा करने से मना किया. फिर हालात ऐसे हुए कि उन्होंने ये इरादा खत्म कर दिया. हालांकि रजनी के समर्थक इन चर्चाओं को केवल हवा हवाई बताते हैं.
उस महिला ने उन्हें खारिज कर दिया था
गायत्री श्रीकांत के अनुसार, साउथ फिल्मों के स्टार बनने से पहले रजनीकांत बेंगलुरु में कर्नाटक राज्य परिवहन निगम में बस कंडक्टर थे. तब उनका दिल एक महिला पर आ गया. वह उसके प्रति आकर्षित हुए, लेकिन कुछ ही दिनों बाद ये आकर्षण खत्म हो गया. इसके बाद उनके लिए एक शादी का रिश्ता आया. वह जब लड़की देखने गए तो उसने उन्हें देखते ही इसलिए खारिज कर दिया कि वह डार्क स्किन वाले और ठग की तरह दिखते थे. माना जाता है कि रजनी ने तभी ठान लिय़ा कि अब तो वह फेयर स्किन वाली किसी लड़की से ही शादी करेंगे.
जिंदगी में नई दस्तक
खैर ये बात आई गई हो गई. इसके बाद उनकी जिंदगी में नाटकीय बदलाव आए और वह टॉलीवुड यानि साउथ फिल्मों के शहंशाह बनते चले गए. उन दिनों वह गोलमाल की तर्ज पर तमिल में बन रही फिल्म थिल्लु मुल्लु में काम कर रहे थे. फिल्म बना रहे थे उनके मेंटर के बालाचंद्रन. ये वर्ष 80 की बात है. उसी दौरान चेन्नई के एथिराज कॉलेज की मैगजीन के लिए रजनीकांत का इंटरव्यू प्लान किया गया. इसका जिम्मा् दिया गया इंग्लिश लिटरेचर की छात्रा लता रंगाचारी को.
वह लगातार लता की ओर आकर्षित हो रहे थे
लता को रजनी का समय आसानी से नहीं मिला. इसके लिए उन्हें टॉलीवुड के अपने संपर्कों का इस्तेमाल करना पड़ा. आखिरकार काफी टालमटोल के बाद रजनी ने इंटरव्यू देने का समय दिया. जैसे ही लता उनके कमरे में दाखिल हुईं, वह इस सुंदर चेहरे वाली लड़की को देखते रह गए. जब लता ने सवाल पूछने शुरू किए तो वह उनकी ओर आकर्षित होने लगे. ऐसा उन्हें कभी नहीं हुआ था. ये एकदम अलग तरह की फीलिंग थी. तब रजनी 30 साल के थे और लता 23 की. वह लता के सवालों के जवाब दे तो रहे थे लेकिन केवल ये सोच रहे थे कि यही लड़की है, जो उनकी जीवनसाथी है. पूरे इंटरव्यू के दौरान वह केवल यही सोचते रहे.
इंटरव्यू खत्म होते-होते शादी का प्रस्ताव
इंटरव्यू जब खत्म होने लगा तो उन्हें लगा कि ये अवसर नहीं गंवाना चाहिए. लिहाजा उन्होंने लता के सामने विवाह का प्रस्ताव रख ही दिया. उन्होंने पूछा, क्या वह उनसे शादी करना चाहेंगी. इस प्रपोजल ने लता को हैरान कर दिया. लेकिन वह मुस्कराईं और शर्मीले अंदाज में कहा, इस बारे में तो उन्हें अपने पेरेंट्स से बात करनी होगी. हालांकि इसके बाद उनकी लता से बात होनी शुरू हो गई. रजनी की बेचैनी ये थी कि किस तरह लता के मां-बाप को राजी करें. उन्होंने इसके लिए फिल्म इंडस्ट्री के सीनियर्स की मदद ली. इस पूरी प्रक्रिया के दौरान वह बहुत नर्वस रहे कि पता नहीं पेरेंट्स् अनुमति देंगे या नहीं. जब लता के पेरेंट्स की मंजूरी मिली तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा.
तिरुपति के बालाजी मंदिर में शादी
शादी 26 फरवरी 1981 में तिरुपति में भगवान बालाजी के मंदिर में हुई. शादी के तीन सालों के भीतर ही उनकी दो बेटियां हुईं. शादी के बाद रजनी के सितारे और चढ़ते चले गए. उनका कद इतना बढ़ गया कि उनकी फिल्में देखने वालों को अब लगता है कि रजनीकांत जैसे माचो के लिए कुछ भी संभव है. वह एक मुक्के से लाखों विलेन को मार सकते हैं. दुनिया का कोई ऐसा काम नहीं, जो रजनी जैसे इस सुपरस्टार के लिए असंभव हो. हालांकि रजनी अपने वास्तविक जीवन में निहायत साधारण इंसान हैं. अपने समर्थकों की लंबे समय से मांग देखते हुए अब उन्होंने सियासत में पार्टी बनाकर कूदने की जब घोषणा कर दी है तो ये भी तय है कि वह तमिलनाडु की राजनीति में वाकई बदलाव लाने वाले साबित हो सकते हैं.
Article source: https://hi.gadgets360.com/mobiles/lg-g6-plus-lg-g6-32gb-price-revealed-news-1719769
No comments:
Post a Comment