READ MORE
भारत सरकार की सबसे खास मानी जाने वाली आधार कार्ड योजना पर अपराधियों की पड़ी नजर है. दिल्ली में खुलेआम फर्जी आधार कार्ड बन रहे हैं. महज 500 रुपये में फर्जी आधार कार्ड बनवाया जा सकता है. पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है.दरअसल, नॉर्थ जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर सुनील शर्मा की टीम को एक सूचना मिली कि दिल्ली के शास्त्री नगर इलाके में बकायदा एक दुकान मे अधिकृत तरीके से आधार कार्ड बनाए जाते हैं. इस सूचना के बाद दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ की टीम ने इस मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने दुकान से फर्ज़ी आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया. पुलिस ने यहां से 461 आधार कार्ड भी बरामद किए हैं.
दिल्ली में ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़, 40 करोड़ की हेरोइन के साथ दो गिरफ्तार
एडिशनल डीसीपी हरेन्द्र कुमार के मुताबिक, इस मामले में मास्टरमाइंड समेत 2 लोग गिरफ्तार किए गए है. इनके नाम विकास कुमार और सुशील कुमार है. पुलिस टीम ने एक पुलिसकर्मी को कस्टमर बनाकर उसी दुकान में भेजा था, जहां फर्जी आधार कार्ड बनवाए जा रहे थे. कस्टमर बनकर दुकान पर गए पुलिसकर्मी ने कहा कि उसे अपने आधार कार्ड में पता बदलवाना है. दुकानदार 500 रुपये में ये काम करने के लिए तैयार हो गया. इसके बाद दुकान में मौजूद विकास कुमार और सुशील कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया.पुलिस ने जब दुकान की तलाशी ली, तो यहां से 461 फर्जी आधार कार्ड, कई फ़ोटो, फिंगर प्रिंट स्कैनर, आई स्कैनर, ईस्ट जिले के डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट की नकली मुहर बरामद हुई.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया कि वो 2017 के पहले से आधार कार्ड बनाने थे, लेकिन 2017 में भारत सरकार ने फर्ज़ी आधार कार्ड की शिकायतों के चलते प्राइवेट जगहों पर आधार कार्ड बनाने पर रोक लगा दी, जिससे उनकी आय कम हो गई.
इसके बाद 2018 में दोनों आरोपियों ने आधार कार्ड की डेटा एंट्री करने वाली एक फर्म से बात की. फर्म ने दोनों को डेटा एंट्री ऑपरेटर के तौर पर नौकरी में रख लिया, ये फर्म दिल्ली के ग्रीन पार्क इलाके की स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के परिसर में आधार कार्ड की डेटा एंट्री करती है, जिसके बाद एसबीआई में बने आधार कार्ड सेंटर से दोनों ने आधार कार्ड बनाने के सॉफ्टवेयर का यूजर आईडी ओर पासवर्ड चुरा लिया. फिर धड़ल्ले से फर्जी आधार कार्ड बनाए जाने लगे.
दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ये दोनों आरोपी एक आधार कार्ड बनाने का 500 रुपये वसूलते थे. जांच में सामने आया है कि दोनों अब तक 5000 से ज्यादा फर्जी आधार कार्ड तैयार कर चुके हैं.
Article source: https://hindi.news18.com/videos/aar-paar-115-1383455.html
No comments:
Post a Comment