READ MORE
जम्मू कश्मीर में पत्थरबाजों और सुरक्षाबलों के बीच झड़प में घायल हुए लोगों का इलाज कर रहे डॉक्टर के बेटे की मौत भी इसी झड़प में हो गई. पुलवामा जिला अस्पताल में तैनात डॉक्टर अब्दुल गनी खान दिनभर घायलों का इलाज करने के बाद अपने क्वार्टर में लौटे ही थे तब उन्हें फौरन अस्पताल वापस आने को कहा गया. जब वह अस्पताल पहुंचे तो उन्हें खबर दी गई कि पत्थरबाजों और सुरक्षाबलों के बीच झड़प में उनके 16 साल के बेटे फैजान अहमद की मौत हो गई. शुक्रवार को पुलवामा के थमुना गांव में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों पर पथराव किया गया. इसके बाद सुरक्षाबलों की कार्रवाई में कई लोग घायल हो गए इनमें फैजान भी शामिल था.फैजान को गंभीर हालत में राजपुरा के अस्पताल में ले जाया गया लेकिन नाजुक स्थिति के चलते डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल में रिफर कर दिया. जिला अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉक्टर रशीद पारा ने बताया, ‘राजपुरा अस्पताल के डॉक्टरों ने फैजान को पहचानने के बाद हमें बताया. उन्होंने हमें बताया कि वह जिला अस्पताल पहुंचने तक शायद ही बच पाए. हमने पूरी कोशिश की लेकिन दुर्भाग्य से उसमें जरा सी भी जान नहीं बची थी.’ इसके बाद पारा और अस्पताल के स्टाफ ने खान को बुलाने का फैसला किया.
पारा ने बताया, ‘फैजान इसी अस्पताल में पैदा हुआ था और यहीं के कैंपस में उसका बचपन गुजरा. हमने खान को उसके बेटे के बारे में बताए बिना बुलाया और जब उसके शव को कफन में लपेटा जा रहा था तब तक उसे एक कमरे के अंदर ही रखा.’ जब खान पूरे स्टाफ से घिरे हुए थे तब उन्हें बेटे की मौत के बारे में बताया गया. बकौल पारा, ‘वह कैजुअल्टी वार्ड में बेटे को देखने गए और उनकी आंखों का सब्र टूट गया. हम सबकी आंखों में आंसू थे. किस्मत उसे उसी अस्पताल में लेकर आई जहां वह पैदा हुआ था.’
फैजान के शव को बाद में दफनाने के लिए उसके पैतृक गांव लादू ले जाया गया. बता दें कि शुक्रवार को हुई मुठभेड़ में लश्कर ए तैयबा का एक आतंकी मारा गया. पुलिस ने बताया कि शुरुआती खबरों में बताया गया कि तीन आतंकी मारे गए लेकिन मुठभेड़ के दौरान दो आतंकी भाग निकले.
Article source: https://hindi.news18.com/news/entertainment/bollywood/aalia-bhatt-advice-to-newcomers-on-casting-couch-1389329.html
No comments:
Post a Comment